पहनंदा पुल के पास धंसी सड़क से बढ़ा खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
जनपद सदस्य रोहिणी नेतु यादव ने की तत्काल मरम्मत की मांग, ग्रामीणों में आक्रोश
CNI NEWS | बिलासपुर/कोटा
पहनंदा पुल के किनारे धंसी सड़क और तेज बहाव वाली नदी का दृश्य।
कोटा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना तहसील के ग्राम पहनंदा स्थित पुल के समीप सड़क का एक बड़ा हिस्सा लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण धंस गया है। पुल के किनारे लगभग 4 से 5 फीट गहरा गड्ढा बन जाने से क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। सड़क के नीचे की मिट्टी कटने से स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।
मौके की तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि पुल के किनारे का हिस्सा पूरी तरह कटकर नदी की ओर धंस चुका है। नीचे उफनती नदी का तेज बहाव सड़क की नींव को लगातार कमजोर कर रहा है। सुरक्षा के लिए कुछ पत्थर रखे गए हैं, लेकिन रात के समय यह स्थान किसी भी वाहन चालक या राहगीर के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
यह मार्ग पहनंदा सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बरसात जारी रहने पर सड़क के और अधिक धंसने तथा मार्ग पूरी तरह बंद होने का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र क्रमांक 04 कोनचरा की जनपद सदस्य श्रीमती रोहिणी नेतु यादव ने मामले को गंभीर बताते हुए एसडीओ जल संसाधन विभाग रतनपुर एवं संबंधित इंजीनियरों से फोन पर चर्चा कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी स्थिति से अवगत हैं और जनहित में तत्काल कार्रवाई करना आवश्यक है।
रोहिणी नेतु यादव ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
वहीं ग्रामीणों ने कलेक्टर बिलासपुर से मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले पुल और सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि तस्वीरें स्वयं इस बात की गवाही दे रही हैं कि स्थिति बेहद गंभीर है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्ट : दिलीप सोनवानी CNI NEWS बिलासपुर


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.