श्मशान घाट निर्माण में घटिया सामग्री का खेल: ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे पत्रकार को रोजगार सहायक ने दी धमकी
, कहा- "जो करना है कर लो"
खिलान सिंह प्रजापति
कुरवाई/विदिशा। विकासखंड कुरवाई की ग्राम पंचायत खजुरिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम विसराहा में इन दिनों श्मशान घाट और टीन शेड का निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन इस निर्माण कार्य की शुरुआत से ही भ्रष्टाचार और गुणवत्ताहीनता के गंभीर आरोप लगने शुरू हो गए हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे
संवाददाता
विसराहा ग्राम के जागरूक ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से क्षेत्रीय संवाददाता को निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर धांधली होने की सूचना दी थी। ग्रामीणों की शिकायत पर जब संवाददाता ने मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत देखी, तो शिकायत बिल्कुल सही पाई गई। श्मशान घाट के निर्माण में बेहद घटिया और गुणवत्ताहीन सामग्री का खुलकर उपयोग किया जा रहा है। मौके पर सीमेंट के साथ मिलाई जा रही बजरी और रेता पूरी तरह काली मिट्टी से युक्त पाई गई, जो निर्माण की मजबूती पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है।
रोजगार सहायक की दबंगई, जानकारी देने से किया इनकार
जब इस भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के संबंध में मौके पर मौजूद रोजगार सहायक अतुल यादव से संवाददाता ने जानकारी लेनी चाही और सवाल पूछे, तो उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी देने से साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं, अपनी कमियों को छुपाने के लिए रोजगार सहायक ने पत्रकार के साथ अभद्रता की और धमकी भरे लहजे में कहा कि "आपको जो करना है, आप वह कर लीजिए, मैं कोई जानकारी नहीं दूंगा।" रोजगार सहायक का यह रवैया साफ दर्शाता है कि प्रशासन के छोटे अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों का कोई खौफ नहीं है।
जनपद सीईओ ने दिए जांच के दिए आश्वासन
इस पूरे मामले और रोजगार सहायक के अड़ियल रवैये को लेकर जब हमारे संवाददाता ने जनपद सीईओ कुरवाई से फोन पर सीधा संपर्क किया, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा, "यह मामला अभी आपके माध्यम से ही मेरे संज्ञान में आया है। यदि श्मशान घाट निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है और रोजगार सहायक द्वारा ऐसा व्यवहार किया गया है, तो मैं तुरंत मामले की जांच करवाता हूं और उचित कार्रवाई की जाएगी।"
अब देखना यह होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस घटिया निर्माण पर क्या एक्शन लेते हैं या फिर ग्रामीणों को इसी तरह के भ्रष्टाचार का शिकार होना पड़ेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.