ग्रामों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन पर जिला प्रशासन का जोर, प्लास्टिक मुक्त कबीरधाम बनाने जनभागीदारी का आह्वान
कवर्धा, 24 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले को स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा राज्य शासन के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का जिले में प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए ग्राम स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर में निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों का नियमित उपयोग सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही परिवारों की संख्या में वृद्धि होने पर पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदान की जाए। सामुदायिक शौचालयों का समुचित उपयोग एवं समय-समय पर उनकी मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित सेग्रिगेशन शेड, नाडेप, वर्मी कम्पोस्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट, फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट एवं गोबर गैस प्लांट जैसी परिसंपत्तियों का नियमित रख-रखाव एवं मरम्मत ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी है। इन परिसंपत्तियों का बेहतर संचालन ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता दिलाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत विभागीय अमले एवं स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनपद पंचायतों में नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर सरपंचों एवं सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यवहार परिवर्तन ही स्वच्छ भारत मिशन की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों एवं स्वच्छाग्रहियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। प्लास्टिक कचरे को खुले में न फेंकें, बल्कि उसे एकत्रित कर अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामों के अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। जिले को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.