कलेक्टर डॉ .गौरव सिंह ने पद्मश्री सम्मान से विभूषित डॉ.बुधरी ताती को सम्मानित किया।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी। रायपुर- छत्तीसगढ़ की जनजातीय सेवा और आदिवासी विकास के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित करने वाली पद्मश्री सम्मान प्राप्त डॉ. बुधरी ताती को आज कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
वर्ष 2026 के लिए देशभर से चयनित पद्मश्री सम्मान प्राप्त नागरिकों में बस्तर अंचल की डॉ. बुधरी ताती भी शामिल हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित किया है।
बस्तर की "बड़ी दीदी" के नाम से विख्यात डॉ. बुधरी ताती वनवासी कल्याण आश्रम की अल्पायु से ही समर्पित कार्यकर्ता रही हैं। उन्होंने सुदूर वनांचलों में शिक्षा की अलख जगाकर हजारों बेटियों के जीवन में ज्ञान और आत्मविश्वास का प्रकाश फैलाया है। जनजातीय महिलाओं के सशक्तीकरण और समाज सेवा में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
सम्मान के पश्चात डॉ. बुधरी ताती ने कहा कि मैं लगातार वनवासी क्षेत्र में कार्य कर रही हूं। आज मुझे जो पद्मश्री सम्मान मिला है, यह सभी बस्तर वासियों का सम्मान है। उन्होंने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि पद्मश्री सुश्री बुधरी ताती का जीवन और कार्य प्रदेश की बेटियों और जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनके कार्य से शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.