सहकारिता सप्ताह के तहत जिलेभर में आयोजित हुए जनहित एवं जागरूकता कार्यक्रम
वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, छात्र प्रतियोगिताएं और ड्रोन प्रदर्शन सहित हुए विविध आयोजन
पर्यावरण से लेकर आधुनिक खेती तक दिए गए संदेश
कवर्धा, 5 जुलाई 2026। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक जिले में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में सप्ताहभर से चल रहे इस अभियान के दौरान सहकारिता विभाग द्वारा किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सहकारिता सप्ताह का जिला स्तरीय समापन समारोह 6 जुलाई को शासकीय पी.जी. कॉलेज ग्राउंड (कॉलेज डोम), कवर्धा में आयोजित होगा।
सभी सहकारी समितियों में चला विशेष वृक्षारोपण अभियान
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। समिति परिसरों एवं उपलब्ध भूमि पर नीम, पीपल, जामुन, आंवला, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधरोपण के साथ ही उनकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान स्थायी रूप से सफल हो सके।
महाविद्यालयों में प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को जोड़ा गया सहकारिता आंदोलन से
सहकारिता के महत्व से युवाओं को परिचित कराने के उद्देश्य से शासकीय राजमाता विजियाराजे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा और पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सहकारिता आंदोलन के इतिहास, उसके सामाजिक एवं आर्थिक महत्व तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिला स्तरीय समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुकदूर एवं बिरकोना के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा चिकित्सकों द्वारा लिखी गई आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने इन शिविरों का लाभ उठाया।
ड्रोन तकनीक से तरल उर्वरक छिड़काव का किया गया प्रदर्शन
सेवा सहकारी समिति मर्यादित सहसपुर लोहारा में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के लिए ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से कम समय में अधिक क्षेत्र में समान रूप से उर्वरक का छिड़काव संभव है, जिससे श्रम, समय और लागत की बचत होने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी सहायता मिलती है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.