नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने किया पदभार ग्रहण
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नारायणपुर - राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से) के स्थानांतरण उपरांत संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से) ने आज नारायणपुर जिले के चौबीसवें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून-व्यवस्था , आंतरिक सुरक्षा , नक्सल उन्मूलन अभियान , अपराध नियंत्रण एवं जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले में शांति , सुरक्षा एवं आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये पुलिस विभाग पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुये जनता के प्रति संवेदनशील , जवाबदेह एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।पदभार ग्रहण के दौरान नारायणपुर पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं उन्हें नई जिम्मेदारी के लिये शुभकामनायें प्रेषित की।
समीक्षा बैठक में दिये ट्रस्ट बिल्डिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
नारायणपुर जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (भा.पु.से.) ने आज जिले के सभी थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था , नक्सल गतिविधियों एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था , नक्सल गतिविधियों , स्थानीय राजनीतिक समीकरण , सामाजिक संगठनों की सक्रियता , संवेदनशील क्षेत्रों , जनसमस्याओं तथा पुलिस के समक्ष आने वाली चुनौतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही थाना क्षेत्रों में संचालित पुलिस गतिविधियों , अपराध नियंत्रण , जनसंपर्क , लंबित अपराध एवं शिकायतों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुये पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि नारायणपुर जिला वर्तमान में नक्सल समस्या के समाप्ति उपरांत संक्रमणकाल से गुजर रहा है। ऐसी परिस्थिति में पुलिस की प्राथमिकता केवल कानून-व्यवस्था बनाये रखना ही नहीं , बल्कि आम जनता के साथ विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ट्रस्ट बिल्डिंग (विश्वास निर्माण) को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें , नियमित ग्राम भ्रमण करें तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों , सामाजिक संगठनों , प्रबुद्ध नागरिकों एवं युवाओं के साथ सतत संपर्क बनाये रखने , थाना क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने तथा सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये। समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक पटेल ने सभी थाना प्रभारियों को iRAD , e-DAR , MedLeaPR एवं सीसीटीएनएस पोर्टलों में शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने सभी पोर्टलों में दर्ज जानकारी की गुणवत्ता एवं अद्यतन स्थिति बनाये रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन , राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित , गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण , अनुशासन , पारदर्शिता तथा जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिये। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.