नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - स्वास्थ्य विभाग में शासकीय नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रूपये की ठगी करने के आरोपी को चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत दिवस 15 जुलाई को प्रार्थिया स्वेच्छा रानी निवासी - सिकोलाभांठा , दुर्ग द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वर्ष 2022 में कोविड-19 अवधि के दौरान शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी में कार्यरत रहने के समय आरोपी बिज्जू चंद्रा ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुये शासकीय चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल एवं जिला अस्पताल दुर्ग में नर्सिंग स्टाफ के पद पर शासकीय नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस बहाने आरोपी ने छलपूर्वक कुल 10,55,698 रूपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर चौकी स्मृतिनगर , थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1000/2026 अंतर्गत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं बैंक पासबुक जप्त की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से चौकी स्मृतिनगर - थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका सराहनीय रही।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) -
आरोपी द्वारा स्वास्थ्य विभाग में शासकीय नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर प्रार्थिया का विश्वास अर्जित किया गया तथा विभिन्न किश्तों में कुल 10,55,698 रूपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई।
गिरफ्तार आरोपी -
बिज्जू चंद्रा उम्र 32 वर्ष निवासी - रेलवे कॉलोनी , वार्ड क्रमांक 21 , शास्त्री नगर , दल्लीराजहरा , जिला - बालोद। हाल निवासी ग्राम - जेवरा , थाना - पुलगांव , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
एक नग मोबाइल और बैंक पासबुक।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की ठगी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। अपराधियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.