बिलाईगढ़ में हुआ पोषण पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ
जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए हम निरंतर प्रयास करेंगे : कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू
10 बिस्तरीय इस केंद्र से कुपोषित बच्चों को मिलेगा निःशुल्क मदद
जिले के बच्चों को मिलेगा उपचार, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा
अब जिले के तीनों विकासखंडों में हुआ एनआरसी केंद्र
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 24 अगस्त 2026/बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, विधायक कविता प्राण लहरे और संजय भूषण पांडये ने फीता काटकर किया।
इस पोषण पुनर्वास केंद्र में जिले के कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर उनका उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर के नेतृत्व एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के तीनों विकासखंडों में 10-10 बिस्तर के पोषण पुनर्वास केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 30 बिस्तरों की एनआरसी केंद्र की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
15 दिनों तक विशेषज्ञों की निगरानी में होगा उपचार
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों को लगभग 15 दिनों तक भर्ती रखकर उपचार एवं पोषण संबंधी देखभाल की जाएगी। इस दौरान बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें पौष्टिक आहार दिया जाएगा। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति में सुधार के लिए स्वास्थ्यकर्मी लगातार निगरानी करेंगे।
कुपोषित बच्चों को मिलेगा निःशुल्क उपचार
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर उन्हें यहां लाकर निःशुल्क उपचार एवं पोषण की सुविधा दी जाएगी। जिला अस्पताल तक दूर- दराज के क्षेत्रों से कुपोषित बच्चों को लाना कई बार कठिन होता था। इसी को ध्यान में रखते हुए बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एनआरसी की शुरुआत की गई है, जिससे बिलाईगढ़ क्षेत्र के बच्चों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। इस केंद्र में बच्चों के लिए मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही बच्चों के साथ रहने वाली माताएं एनआरसी की किचन में अपने बच्चों के लिए भोजन भी तैयार कर सकती हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बिलाईगढ़ क्षेत्र के बच्चों को मिलेगा सीधा लाभ
बिलाईगढ़ में एनआरसी शुरू होने से क्षेत्र के कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर उपचार, पौष्टिक आहार और नियमित निगरानी की सुविधा मिलने से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने और कुपोषण की दर कम करने में मदद मिलेगी।
विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि बिलाईगढ़ में पोषण पुनर्वास केंद्र की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे कुपोषित बच्चों को समय पर उपचार एवं पोषण संबंधी सुविधाएं मिलेंगी और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकेगा।कार्यक्रम में एसडीएम प्रफुल्ल रजक, गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.