गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ श्री पी. डी. हथेश्वर, उप संचालक कृषि का सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह
CNI NEWS बिलासपुर छत्तीसगढ़ से दिलीप सोनवानी की रिपोर्ट
कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग बिलासपुर के उप संचालक कृषि श्री पी. डी. हथेश्वर के सेवानिवृत्ति अवसर पर आज हरि अमृत, मोपका, सीपत रोड, बिलासपुर में एक गरिमामय सेवानिवृत्त सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि परिवार, बिलासपुर द्वारा किया गया, जिसमें कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्री हथेश्वर के दीर्घ एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवाकाल को सम्मानपूर्वक स्मरण किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
समारोह में जिले के कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बिलासपुर श्री संदीप अग्रवाल तथा संभागीय संयुक्त संचालक कृषि, बिलासपुर श्री आर. के. राठौर की गरिमामय उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में श्री हथेश्वर के सरल, सौम्य एवं अनुशासित व्यक्तित्व, उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, किसानों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली तथा कृषि विकास के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री हथेश्वर ने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभाग को नई दिशा प्रदान की तथा अपने सहयोगियों का मार्गदर्शन कर विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रभारी उप संचालक कृषि, बिलासपुर श्री शशांक शिंदे ने अपने उद्बोधन में कहा कि "श्री पी. डी. हथेश्वर की कार्यशैली, अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण तथा नेतृत्व क्षमता से हमने बहुत कुछ सीखा है। उनका मार्गदर्शन सदैव विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।" उन्होंने कहा कि श्री हथेश्वर ने अपने सेवाकाल में सदैव विभागीय हित, किसानों के कल्याण एवं टीम भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
कार्यक्रम के दौरान श्री पी. डी. हथेश्वर का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनका विनम्र व्यवहार, सकारात्मक सोच एवं कार्य के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
अपने उद्बोधन में श्री पी. डी. हथेश्वर ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग उनके लिए केवल एक कार्यालय नहीं बल्कि एक परिवार रहा है। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में प्राप्त सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से किसानों के हित में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अंत में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (SADO), बिल्हा श्री रघुराज गौतम ने उपस्थित सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से यह सम्मान समारोह अत्यंत सफल एवं अविस्मरणीय बन सका।
CNI NEWS बिलासपुर छत्तीसगढ़ से दिलीप सोनवानी की रिपोर्ट
मो, 9340810592


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.