राखी के धागों के साथ सीमा पर सैनिकों तक पहुंचेंगी कवर्धा की बहनों की शुभकामनाएं
‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ में गूंजा जय जवान का जयघोष
कवर्धा, 7 अगस्त 2026। सरहद पर खड़े जवानों की कलाई भले ही इस रक्षाबंधन पर अपने घर की राखी से दूर रहे, लेकिन कवर्धा की बहनों का स्नेह उन तक जरूर पहुंचेगा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत माता चौक में आयोजित ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ कार्यक्रम में जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों ने अपने हाथों से तैयार राखियां देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए समर्पित कीं। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कवर्धा की माताएं बहने, सेना के जवान, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाएं, सखी सेंटर के स्टाफ, जिला महिला सशक्तिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेना के जवानों द्वारा भारत माता की आरती के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने सैनिक भाइयों को राखियां बांधकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। ‘जय जवान’ के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। खास बात यह रही कि जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों द्वारा तैयार की गई राखियों को एकत्र कर भारतीय सेना तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इन राखियों के साथ कवर्धा की बहनों की शुभकामनाएं और देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति कृतज्ञता भी सीमा तक पहुंचेगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं है। यह सैनिकों के प्रति विश्वास, सम्मान, आशीर्वाद और कृतज्ञता का भाव है। जो जवान अपने परिवार और अपनों से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, उनके लिए समाज की ओर से भेजा गया यह रक्षा सूत्र उनके मनोबल को और मजबूत करेगा।
सीमा तक पहुंचेगा कवर्धा का संदेश
‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ के माध्यम से विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों से भी सैनिकों के लिए रक्षा सूत्र एवं शुभकामना संदेश भेजने की अपील की गई। देश की सीमा पर तैनात जवान भले ही अपने घर से हजारों किलोमीटर दूर हों, लेकिन देशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद उनसे कभी दूर नहीं होता। कवर्धा से भेजी गई ये राखियां अब सीमाओं तक जाएंगी और हर धागा जवानों से यही कहेगा—आप सरहद पर डटे हैं और पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.