शासकीय आईटीआई कवर्धा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रवेश उत्सव
नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर थीम पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का किया स्वागत
कवर्धा, 10 अगस्त 2026। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) कवर्धा में नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर 4 एवं 5 अगस्त 2026 को नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर थीम पर प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का गुलाल लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
संस्था के श्री हरिशंकर चंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नियमित उपस्थिति तथा प्रशिक्षण एवं अध्ययन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में संस्था के पूर्व प्रशिक्षणार्थी श्री यक्ष कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा एवं प्रायोगिक परीक्षा की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही संस्था में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रवेश उत्सव के दौरान संस्था के सभी प्रशिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें सफल प्रशिक्षण, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.