जिला सिवनी मध्यप्रदेश
जनाजा लेकर उफनती नदी पार कर कब्रिस्तान जाने को मजबूर गंजवासी
गणेशगंज पंचायत के गंज टोला में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, बुजुर्ग की मौत के बाद सामने आई हृदय विदारक तस्वीर
निष्क्रिय जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय उदासीनता के कारण मूलभूत सुविधाओं से वंचित गणेशगंज – गंज वासी
सी एन आई न्यूज सिवनी
जनपद पंचायत लखनादौन अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशगंज के गंज टोला में मूलभूत सुविधाओं के अभाव का एक हृदय विदारक मामला सामने आया है। सोमवार को गंज टोला निवासी करीब 70 वर्षीय नहींम खान का निधन हो गया।
जिनका अंतिम संस्कार के लिए परिजनों और ग्रामीणों के द्वारा जनाजा लेकर उफनती नदी पार कर कब्रिस्तान तक पहुंचना पड़ा।
बताया जाता है कि गंज टोला में मुस्लिम समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यहां करीब 400 से अधिक लोग रहते हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों को आज भी आवागमन सहित कई मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उफनती नदी बनी मजबूरी
सोमवार को नईम खान के निधन के बाद जब उनका जनाजा कब्रिस्तान ले जाने की बारी आई तो ग्रामीणों के सामने नदी पार करने की चुनौती खड़ी हो गई। बारिश के कारण नदी उफान पर थी, इसके बावजूद परिजन और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर जनाजा लेकर नदी पार करने को मजबूर हुए।
इस दौरान सामने आई तस्वीरें क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था को उजागर करती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी नदी पार कर कब्रिस्तान पहुंचना मुश्किल होता है, जबकि बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने उठाई स्थायी रास्ते की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गंज टोला में आवागमन के लिए सुरक्षित रास्ता और नदी पर उचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे दुखद स्थिति तब बनती है जब किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है और अंतिम संस्कार के लिए भी परिवार को जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए स्थायी और सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था कराने तथा नदी पर आवश्यक पुल-पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए इस तरह की पीड़ा और जोखिम का सामना न करना पड़े।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में भी इसके लिए आवेदन किया गया था तथा अभी एक माह पूर्व भी नाला के लिए आवदेन किया गया है। यह बड़ा काम है जो पंचायत नही कर सकती इसे विभागीय स्तर पर स्वीकृत मिलेगी तब ही बनेगा। हालाकी गंज पहुंच सीसी सड़क मार्ग स्वीकृत हो गया है दो माह बाद उसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बलराम यादव सचिव
ग्राम पंचायत गणेशगंज
जिला ब्यूरो छब्बी लाल कमलेशिया की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.