अंबिकापुर में 19–20 सितंबर को सजेगा ऐतिहासिक “अग्र महाकुंभ– 2026”
सी एन आइ न्यूज पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर- अंबिकापुर में दो दिवसीय अग्र सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे । चिंतन, स्वास्थ्य, महिला-युवा शक्ति, सम्मान, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का होगा विराट संगम
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा, अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में “अग्र महाकुंभ–2026 — सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा एवं महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे।
19 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित भव्य उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल करेंगे। राष्ट्रीय संरक्षक श्री सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा आयोजन के संरक्षक श्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल, विधायक बसना श्री संपत अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल सांसद श्री चिंतामणि महाराज, सहित अनेक विशिष्टजन कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल , सांसद चिंतामणि महाराज ने आयोजन के दोनों दिवस उपस्थित रहने की स्वीकृति प्रदान करते हुए आयोजन को यथासंभव पूर्ण सहयोग देने तथा प्रदेशभर से आने वाले अग्रबंधुओं के स्वागत-अभिनंदन में स्वयं सहभागी होने की भावना व्यक्त की है।
पहले दिन “अग्र-मंथन” , कवि सम्मेलन
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि अग्र महाकुंभ को केवल एक औपचारिक अधिवेशन न बनाकर समाज की वर्तमान आवश्यकताओं, संगठनात्मक मजबूती, नई पीढ़ी की भागीदारी, स्वास्थ्य, संस्कार और भविष्य की दिशा पर सामूहिक चिंतन का मंच बनाया गया है।
19 सितंबर को प्रातः 10 से 12 बजे “अग्र-मंथन–2026” से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। “चिंतन से निर्णय — निर्णय से दिशा” की भावना के साथ इस सत्र में समाज की दशा-दिशा, बदलती सामाजिक परिस्थितियों, संगठन की भूमिका तथा भविष्य की कार्ययोजना पर खुला विचार-मंथन होगा। इस सत्र का संचालन सुनील अग्रवाल बॉबी करेंगे।
दोपहर 12 से 2 बजे भव्य उद्घाटन सत्र होगा। इसके पश्चात दोपहर 3 से शाम 5 बजे महिला अधिवेशन आयोजित होगा, जिसमें महिला शक्ति, सामाजिक सहभागिता, संगठन एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श के साथ , श्री पंकज अग्रवाल श्रीमती वर्षा अग्रवाल श्री सुमित द्वारा संपादित “अग्र कुल दर्शन” पत्रिका का विमोचन भी है।
शाम 5 से 6 बजे युवा अधिवेशन में युवा शक्ति, नेतृत्व, उद्यमिता, नई पीढ़ी के विचार और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद होगा। शाम 6 से 8 बजे सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर की महिलाओं एवं बच्चों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
चार ख्यातिप्राप्त कवियों से सजेगी हास्य और काव्य की शाम"
पहले दिन का विशेष आकर्षण रात्रि 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। हास्य, व्यंग्य, गीत, शृंगार और ओज से सजी इस साहित्यिक संध्या में देश के चार ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे—
कुशल कुशलेन्द्र, दिल्ली — अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि
हिमांशु बवंडर, उज्जैन (मध्यप्रदेश) — अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि एवं लॉफ्टर फेम
सोनल जैन, सूरत (गुजरात) — अंतरराष्ट्रीय कवयित्री, हास्य रस एवं शृंगार रस
देवेंद्र प्रताप “आग”, इटावा (उत्तरप्रदेश) — अग्निधर्मी कवि
कवि सम्मेलन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है और इसे “हास्य, संगीत और संस्कृति की शानदार शाम” के रूप में सजाया जा रहा है।
दूसरे दिन योग, सामाजिक संवाद, स्वास्थ्य, सम्मान और “परिवारोत्सव”
20 सितंबर की शुरुआत प्रातः 6:30 से 7:45 बजे तनावमुक्त जीवनशैली एवं योग शिविर से होगी। इसमें योग, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन, बेहतर जीवनशैली एवं सकारात्मक ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रातः 10 से 11:30 बजे “खुला संवाद — समाज से, समाज के लिए” आयोजित होगा। इस सत्र में अग्रवाल समाज के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न अग्रवाल सभाओं के प्रतिनिधियों के साथ समाज की वर्तमान आवश्यकताओं, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर आत्मीय एवं सार्थक विचार-मंथन किया जाएगा। इसी क्रम में आधुनिक युग में Artificial Intelligence (AI) के उपयोग और संभावनाओं पर विशेष कार्यशाला भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
प्रातः 11:30 से दोपहर 1 बजे तक स्वास्थ्य संबंधी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर सरल एवं संवादात्मक जानकारी दी जाएगी। इसमें डॉ. बी. बी. अग्रवाल, डॉ. अनिमेष चौधरी, डॉ. आंचल अग्रवाल चौधरी, रक्त विशेषज्ञ डॉ विकास गोयल, एवं डॉ. विकास कुमार अग्रवाल सहित विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन करेंगे। इस सत्र का संचालन श्रीमती दीक्षा अग्रवाल करेंगे।
दशम अग्र अलंकरण” में प्रतिभाओं का राज्यस्तरीय सम्मान
दूसरे दिन का एक महत्वपूर्ण आकर्षण छत्तीसगढ़ स्तरीय “दशम अग्र अलंकरण समारोह–2026” होगा। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवी व्यक्तित्वों को 18 अलग-अलग अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित प्रतिभाओं को ₹11,000 की नकद पुरस्कार राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर मंच पर अभिनंदित किया जाएगा। इनमें अग्र–भूषण, अग्र–सृजन, अग्र–शिरोमणि, अग्र–पुंज, अग्र–विशारद और अग्र–श्रेष्ठ सहित विभिन्न प्रतिष्ठित अलंकरण शामिल हैं। समारोह के संयोजक श्री ललित अग्रवाल तथा सह-संयोजक श्री पंकज अग्रवाल, श्री विजय गोयल एवं श्रीमती वर्षा अग्रवाल हैं।
मनीष वाघसिया के “परिवारोत्सव” में रिश्तों और संस्कारों की बात
शाम 5 बजे से प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता श्री मनीष वाघसिया, सूरत द्वारा “परिवारोत्सव — प्रेम, विश्वास और संस्कारों का उत्सव” प्रस्तुत किया जाएगा। परिवार की जोड़ती ताकत, रिश्तों में विश्वास, पीढ़ियों के बीच संवाद और भारतीय संस्कारों पर आधारित यह प्रेरणादायी प्रस्तुति महाकुंभ के प्रमुख आकर्षणों में रहेगी। इस सत्र में श्री मुकेश गर्ग सूरजपुर के साथ-साथ संजीव अग्रवाल रायपुर भी इस सत्र का संचालन करेंगे.
समापन सत्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल अध्यक्ष सांसद चिंतामणि महाराज पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
“ एक दिन–अनेक अनुभव, एक महाकुंभ–अनेक संदेश”
अग्र महाकुंभ के संयोजक श्री सुभाष गोयल एवं श्री कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की परिकल्पना ऐसी की गई है कि समाज का प्रत्येक आयु वर्ग स्वयं को इससे जुड़ा महसूस करे। संवाद से विचार, स्वास्थ्य से जागरूकता, सम्मान से प्रेरणा और परिवारोत्सव से रिश्तों में मिठास—इन सभी आयामों को एक ही मंच पर समाहित किया गया है।
प्रांतीय महामंत्री श्री संजय अग्रवाल, रायपुर, अग्रवाल सभा अंबिकापुर के सचिव श्री संजय अग्रवाल तथा सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के महामंत्री श्री सुनील अग्रवाल ‘बॉबी’ ने बताया कि आयोजन को लेकर पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न जिलों एवं नगरों से प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित हुई है।
महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अनीता मोहनलाल अग्रवाल, युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री आशीष सेक्सरिया एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी श्री मनोज अग्रवाल, अंबिकापुर ने कहा कि महाकुंभ का मूल उद्देश्य केवल लोगों को एक स्थान पर एकत्र करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना, परिवार को मजबूत करना, नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ना और आने वाले समय के लिए एक सकारात्मक सामाजिक दिशा निर्धारित करना है।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य संजीव अग्रवाल ने कहा कि, “अग्र महाकुंभ–2026 समाज की सामूहिक शक्ति और सहभागिता का उत्सव है। हमारा प्रयास है कि अंबिकापुर से ऐसा संदेश निकले, जिसमें संगठन की शक्ति, सेवा की संवेदना, संस्कारों की जड़ें और नई पीढ़ी के सपने—सभी एक साथ दिखाई दें।”


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.