दिनांक : 06 सितंबर 2026
जिला : विदिशा
गुजरात में भटके 20 वर्षीय युवक को विदिशा पुलिस ने गुजरात पुलिस एवं RPF के समन्वय से सकुशल परिजनों से मिलाया
कुरवाई पुलिस ने तकनीकी संसाधनों एवं अंतरराज्यीय समन्वय से युवक की तलाश कर सुरक्षित कुरवाई लाया
विदिशा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में थाना कुरवाई पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुजरात में भटककर पहुंचे 20 वर्षीय युवक को तकनीकी संसाधनों एवं अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय की सहायता से सकुशल तलाश कर उसके परिजनों से मिलाया।
मजदूरी के लिए भोपाल गया युवक रास्ता भटककर पहुंचा गुजरात:
ग्राम काछी कुम्हारिया निवासी सुनील पिता गनपत आदिवासी, उम्र 20 वर्ष, दिनांक 15 अगस्त 2026 को मजदूरी करने के लिए भोपाल गया था। भोपाल में रास्ता भटक जाने के कारण वह गलत ट्रेन में बैठ गया और अनजाने में गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गया। इसके बाद उसका परिजनों से संपर्क टूट गया।
युवक के पिता गनपत आदिवासी द्वारा दिनांक 05 सितंबर 2026 को थाना कुरवाई पहुंचकर पुलिस को सूचना दी गई तथा अपने पुत्र की तलाश एवं सहायता के लिए अनुरोध किया गया।
तकनीकी संसाधनों एवं अंतरराज्यीय समन्वय से शुरू हुई तलाश:
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सुश्री रोशनी सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुरवाई के नेतृत्व में तत्काल विशेष टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए गुजरात पुलिस एवं गुजरात RPF से सतत समन्वय स्थापित किया गया। अंतरराज्यीय समन्वय एवं तकनीकी सहायता के माध्यम से युवक की लोकेशन का पता लगाया गया और उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
राजकोट एक्सप्रेस से सुरक्षित कुरवाई लाया गया:
युवक को सुरक्षित संरक्षण में लेने के पश्चात आवश्यक समन्वय कर राजकोट एक्सप्रेस के माध्यम से सुरक्षित कुरवाई वापस लाया गया। थाना कुरवाई में युवक को उसके परिजनों के समक्ष सकुशल सुपुर्द किया गया।
अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। परिजनों ने विदिशा पुलिस द्वारा की गई त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय पहल के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सराहनीय भूमिका:
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के. मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र परमार, प्रधान आरक्षक शेरसिंह रघुवंशी एवं आरक्षक इन्द्राज सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.