दीपशिखा विद्यालय में शिक्षक दिवस मनाया गया
दुर्ग भिलाई । दीपशिखा विद्यालय डुमरडीह, उतई में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी श्री रोशन कुमार साहू, विशिष्ट अतिथि के रूप में भुवनेश्वर प्रसाद साहू, सरपंच ग्राम पंचायत पतोरा, श्रीमती अन्नपूर्णा रामटेके सेवानिवृत्त शिक्षिका उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में विराजित माँ शारदा की पूजा अर्चना एवं सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों एवं शिक्षक -शिक्षिकाओं का पुष्प गुच्छ एवं तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शालानायक रुद्र कुमार चंद्राकर ने अपने गुरुओं का आभार मानते हुए सभी शिक्षक -शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा व्यक्ति सीखना चाहे तो छोटे, बड़े ,विद्यार्थी एवं प्रकृति से भी बहुत कुछ सीख सकता है। उन्होंने कहा हमें भारतीय होने पर गर्व करना चाहिए क्योंकि यहां की संस्कृति एवं संस्कार विदेशों से भिन्न है तथा उनके लिए प्रेरणादायी है ।
साथ ही साथ यह भी कहा कि हमें अपने भोजन, भेष, भाषा ,भ्रमण एवं भजन का हमेशा ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि इसी से हमारा चरित्र एवं व्यक्तित्व की पहचान होती है।
विद्यालय के प्राचार्य के आर सिन्हा ने कहा कि शिक्षा न केवल ज्ञान एवं रोजगार प्राप्त करने का एकमात्र साधन ही नहीं है बल्कि यह चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के विकास का आधार भी होता है।
अतः हम सभी शिक्षकों को पाठ्यक्रम एवं पुस्तकीय ज्ञान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के विकास हो, ऐसी शिक्षण का अपने शिक्षण कार्य में समावेश करना चाहिए। इस अवसर पर इंग्लिश मीडियम की प्राचार्य श्रीमती शांता सोनवानी, प्रधान पाठिका श्रीमती शरणजीत कौर, श्रीमती , अन्नपूर्णा रामटेके एवं वाय के शर्मा ने भी अपने -अपने विचार रखे ।
दीपशिखा शिक्षण समिति के डायरेक्टर श्री डी एल सिन्हा ने अपने सभी शिक्षक -शिक्षिकाओं के उत्कृष्ट शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह बच्चों की सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करते रहने की अपेक्षा करते हुए उन्हें एक यादगार उपहार से सम्मानित किए तथा शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित किए ।इस अवसर पर पालक शिक्षक समिति के सदस्य घनश्याम चंद्राकर, श्रीमती तुलसी देवांगन एवं समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
























No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.