सी एन आई न्यूज रिपोर्टर रमेश श्रीवास्तव पिथौरा 9977708864
पिथौरा - लाखागढ़ में आस्था पर भारी नहीं पड़ा बरसता पानी, महिलाओं और बच्चों ने किया बप्पा का विसर्जन
पिथौरा, 25 सितंबर: क्षेत्र में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भी गणपति भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई। आज अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री गणेश के विसर्जन के दौरान सुबह से ही तेज बारिश होती रही, फिर भी श्रद्धालु बप्पा को विदा करने के लिए डटे रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लखागढ़ में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन आज किया गया। सुबह से हो रही लगातार बारिश के बावजूद गांव की महिलाओं और बच्चों ने बड़े उत्साह और भक्ति भाव के साथ "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयकारों के साथ शोभायात्रा निकाली और स्थानीय तालाब में विधि-विधान से विसर्जन किया।
बरसते पानी में भी महिलाओं ने सिर पर चुनरी ओढ़कर और बच्चे बारिश में भीगते हुए डीजे की धुन पर नाचते हुए बप्पा को विदाई दी। बारिश के कारण तालाब में पानी का स्तर बढ़ा हुआ था, फिर भी ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक विसर्जन संपन्न कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश बाधा नहीं बल्कि बप्पा का आशीर्वाद है। दो दिन से हो रही बारिश से खेतों में किसानों को फायदा मिला है और आज विसर्जन के दिन भी बरसता पानी शुभ माना जा रहा है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.