गौ-तस्करी का भंडाफोड़: 5 गौवंशों से भरी पिकअप को पकड़ा, 3 तस्कर गिरफ्तार संबलपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही
रंजीत बंजारे CNI NEWS बेमेतरा जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत चौकी संबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए गौवंश से भरे एक वाहन को जप्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्कर बिना चारा-पानी के 5 गौवंशों को क्रूरतापूर्वक वाहन में ठूंस कर कत्लखाने ले जा रहे थे।
फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ा वाहन
मामले का खुलासा तब हुआ जब 23 सितंबर की शाम करीब 4 बजे गौ-सेवक मनीष शुक्ला (46) निवासी खैरा को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नारायणपुर-मारो की तरफ से वाहन क्रमांक CG 25 L 7556 में गौवंश को भरकर कबीरधाम जिले की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही संबलपुर पुलिस टीम ने अपने साथियों के साथ ग्राम खेड़ा और संबलपुर के बीच घेराबंदी कर दी। शाम 05:30 बजे जैसे ही संदिग्ध वाहन आया, उसे रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन को तेज रफ्तार से संबलपुर की तरफ भगा दिया। पीछा किया और संबलपुर के अंबतीबाई चौक के पास उसे घेर कर रोक लिया।
झुलना के दो युवक सहित 3 गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जयपाल साहू (20 वर्ष) और राजेन्द्र यादव (26 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम झुलना, चौकी मारो व एक अन्य चालक के रूप में हुई है।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर का नजारा दिल दहला देने वाला था। 5 गौवंशों को रस्सियों से बुरी तरह बांधकर, बिना चारा-पानी के एक के ऊपर एक पटका गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को तत्काल मुक्त कराकर सुरक्षित गौशाला भिजवाया है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
चौकी प्रभारी संबलपुर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर लिया गया है।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी संबलपुर सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार क्षत्री, प्रधान आरक्षक गौरीशंकर शर्मा, आरक्षक धनंजय सिंह, जितेन्द्र धनकर सहित चौकी संबलपुर के समस्त स्टाफ वहीं पुलिस अधीक्षक बेमेतरा ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौ-तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी!!


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.