दर्दनाक सड़क हादसे में छह की मौत , सात घायल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बालोद - इस हृदयविदारक सड़क हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये अनुविभागीय पुलिस अधीकारी गुरूर श्रीमती माया शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया कि आज कवर्धा से जगदलपुर की तरफ जा रही स्वराज माज़दा वाहन क्रमांक सीजी 10 बीयू 7174 खराब होकर जिला बालोद के मरकाटोला घाट में खड़ी हुई थी। वाहन में सवार यात्रियों में से दो व्यक्ति वाहन सुधारने हेतु मैकेनिक लेने के लिये धमतरी की ओर गये थे एवं खराब वाहन में कुल तेरह व्यक्ति सवार थे। तभी पूर्वान्ह लगभग साढ़े ग्यारह बजे के आसपास गेंहूं भरकर रायपुर से जगदलपुर की तरफ जा रही 16 पहिया टाटा ट्रक क्रमांक सीजी 04 क्यू वाय 5947 के चालक ने सड़क किनारे खड़ी हुई स्वराज माज़दा वाहन को लापरवाही पूर्वक उतावलेपन से पीछे से ठोकर मारकर घसीटते हुये दुर्घटना कारित किया तथा कुछ दूरी बाद ट्रक भी पलट गई। घटना में मौके पर दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई एवं ग्यारह व्यक्ति घायल हुये थे , जिन्हें उपचार के लिये जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। उपचार के दौरान घायलों में से चार व्यक्तियों की अस्पताल में मृत्यु हो गई है एवं सात घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना में अभी तक कुल छह व्यक्तियों की मृत्यु हुई है एवं सात व्यक्ति अभी उपचाररत है। घटना कारित कर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था , जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करने मे सफलता हासिल कर ली है।
मृतकों के नाम
कोमल साहू पिता भगवानी साहू उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम - सिलहाटी पोड़ी के पास , थाना - बोड़ला , जिला - कवर्धा , अनीश पात्रे पिता विजय पात्रे उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम - मानिकपुर पोड़ी के पास , थाना - बोड़ला , जिला - कवर्धा , दीपक कुम्हार पिता स्व. महेश कुम्हार उम्र 17 वर्ष निवासी - वार्ड नंबर 17 कुम्हार पारा मुंगेली , जिला - मुंगेली , राजा सावरा पिता इंदल सावरा उम्र 27 वर्ष निवासी - मकान नंबर 02 मिनीमाता चौक वार्ड 17 कबीरधाम , जिला - कवर्धा , कृष्णा चौहान पिता संजय चौहान उम्र 18 वर्ष निवासी वर्तमान ग्राम - पोड़ी , जिला - कवर्धा ( नानी का घर) मूल ग्राम - डोंगरगढ़ , जिला - राजनांदगांव और सुंदर लाल साहू पिता गोकुल साहू उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम - कुसुमघटा , थाना - बोड़ला , जिला - कवर्धा (छत्तीसगढ़)।
मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनायें हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री साय ने घायलों के समुचित उपचार के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इसी कड़ी में इस दर्दनाक सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुये दिवंगतजनों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के उपचार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल रेफर किये गये सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये कहा कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिये। उपमुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि मरकाटोला घाट पर हुये सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःखद घटना में दिवंगतजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनायें हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.