खतरनाक मोड़ों पर जिंदगी का दांव, वनांचल साल्हेवारा में सुरक्षा संकेतकों की दरकार
खादी मार्ग पर फिर हुवा हादसा, पहले भी कई दुर्घटनाएं—अब तो जागे जिम्मेदार विभाग
खैरागढ। वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर स्थित खतरनाक मोड़ लंबे समय से सड़क सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बने हुए हैं। खादी मार्ग पर फिर हुई दुर्घटना ने एक बार फिर इन दुर्घटना संभावित मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और स्पष्ट संकेतकों की आवश्यकता को सामने ला दिया है।
खादी मोड़, पोंडी मोड़, साल्हेवारा पेट्रोल पंप के आसपास का मार्ग तथा दारू भट्टी की ओर आने जाने वाला मार्ग ऐसे स्थान हैं, जहां वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच तेज रफ्तार और आपाधापी के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन स्थानों पर वाहन चालकों को खतरनाक मोड़ एवं संभावित खतरे का समय रहते संकेत मिल सके, इसके लिए पर्याप्त एवं स्पष्ट सड़क सुरक्षा संकेतक बेहद जरूरी हैं।
पहले भी हो चुकी हैं कई दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन मार्गों पर पूर्व में भी छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं तथा कई घटनाओं में जान-माल का नुकसान भी हुआ है। इसके बावजूद दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की जरूरत बनी हुई है।
विशेषकर खतरनाक मोड़ों पर दूर से दिखाई देने वाले बड़े चेतावनी बोर्ड, मोड़ संकेतक, गति सीमा संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग तथा रात में चमकने वाले संकेतक लगाए जाने की आवश्यकता है, ताकि वाहन चालक समय रहते सावधान होकर अपनी गति नियंत्रित कर सकें।
PWD वन विभाग
एवं संबंधित ग्राम पंचायतें दें ध्यान
जनहित को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD), वन विभाग (FOREST) वन परिक्षेत्र कार्यालय जाने वाला मार्ग संबंधित ग्राम पंचायतों एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े जिम्मेदार विभागों को इन दुर्घटना संभावित स्थानों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपायों को चिन्हित करना चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त संख्या में स्पष्ट एवं बड़े संकेतक लगाए जाएं।
दुर्घटना के बाद व्यवस्था करने से बेहतर है कि दुर्घटना रोकने के लिए पहले से इंतजाम किए जाएं। सड़क किनारे लगाया गया एक स्पष्ट चेतावनी संकेतक कई बार चालक को समय रहते गति कम करने और संभावित दुर्घटना से बचने का अवसर दे सकता है।
वनांचल साल्हेवारा के इन संवेदनशील मार्गों पर समय रहते प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना अब केवल सुविधा नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की आवश्यकता है। जिम्मेदार विभागों से अपेक्षा है कि वे इन स्थानों का गंभीरता से निरीक्षण कर आवश्यक संकेतक एवं सुरक्षा उपाय शीघ्र सुनिश्चित करेंगे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.