कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं नुआखाई भेंट-घाट समारोह सह सम्मान समारोह
कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं नुआखाई भेंट-घाट समारोह सह सम्मान समारोह हर्षोल्लास से संपन्न
समाज की एकता, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश — वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं प्रतिभावान बच्चों का हुआ सम्मान
रायपुर। मगधा यादव समाज जिला रायपुर के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं नुआखाई भेंट-घाट समारोह सह सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं सामाजिक एकता के वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रमेश यदु, प्रदेश अध्यक्ष, सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री भगवान यादव, श्री अभिमन्यु यादव, प्रदेश संगठन मंत्री, मगधा यादव समाज, श्री शंकर यादव, कार्यकारी सदस्य, मगधा यादव समाज एवं श्रीमती ललिता यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गजानंद यादव, जिला अध्यक्ष, मगधा यादव समाज जिला रायपुर ने की।
समारोह के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में सेवा, शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने दिया एकता और नशामुक्त समाज का संदेश
मुख्य अतिथि श्री रमेश यदु ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, शिक्षा और संस्कार में निहित है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा समाज बनाना है जो नशामुक्त, शिक्षायुक्त, संस्कारयुक्त और आत्मनिर्भर हो।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है तथा महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना सामाजिक विकास संभव नहीं है।
गजानंद यादव ने कहा-
एकजुटता से ही समाज की प्रगति संभव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री गजानंद यादव ने कहा कि नुआखाई भेंट-घाट केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपरा है।* *उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक परिवार को संगठन से जोड़ना और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने शिक्षा को समाज की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को उचित मार्गदर्शन और महिलाओं को सम्मान एवं नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने सभी समाजबंधुओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
भगवान यादव ने दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
विशिष्ट अतिथि श्री भगवान यादव ने कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि संगठन, संस्कार और सहयोग की भावना से होती है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ते हुए आधुनिक शिक्षा और समय के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने समाज में आपसी सहयोग की भावना बढ़ाने तथा जरूरतमंद परिवारों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संदेश दिया।
श्रीमती ललिता यादव ने महिलाओं और युवाओं से संगठन से जुड़ने का किया आह्वान
श्रीमती ललिता यादव ने अपने संबोधन में महिलाओं एवं युवाओं की सामाजिक भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति में मातृशक्ति और युवा शक्ति दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने महिलाओं से आगे बढ़कर सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता करने तथा युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठित महिलाएं और जागरूक युवा मिलकर समाज में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता की नई दिशा स्थापित कर सकते हैं
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति हुई।
कृष्ण जन्माष्टमी की भक्ति एवं नुआखाई की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
बड़ी संख्या में समाजबंधु रहे उपस्थित
कार्यक्रम में गुलेश्वर कांडा, युवराज यादव, धर्मेंद्र यादव, बुडू यादव, शिव यादव, राकेश यादव, रमेश यादव, नागेश यादव, पवन यादव, मीत गोपाल यादव, शिवराम यादव, अजय यादव, मुकेश यादव, राम यादव, किशन यादव, सहस यादव, शुभम यादव, दुर्गेश यादव, बसंत यादव, गणेश यादव, नीलम यादव, दातात्री यादव, चुरामणि यादव, कुलोमणि यादव, सुरेश यादव, पिंकी यादव, स्नेहा यादव, प्रियंका यादव, लक्ष्मी यादव, विमला यादव, लता यादव, रिया यादव, ज्योति यादव, हर्षिता यादव, प्रिया यादव, सुमन यादव, नेहा यादव, रजनी यादव, अभिषेक यादव, राधेश्याम यादव, रोहित यादव, सुनील यादव, दीनू यादव एवं मोंटू यादव सहित सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे।
पुरुषोत्तम यादव ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री पुरुषोत्तम यादव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, बच्चों, सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागी कलाकारों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण मंच संचालन समाजसेवी श्री मनोज यादव द्वारा किया गया।
समारोह ने समाज को “एकता हमारी शक्ति, शिक्षा हमारी पहचान, संस्कार हमारी विरासत और नशामुक्ति हमारा संकल्प” का संदेश देते हुए सामाजिक एकजुटता की नई ऊर्जा प्रदान की।






















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.