आर्थिक लाभ का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के दो आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - जरूरतमंदों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन व सामाग्री फाइनेंस करा के धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों से पूछताछ तथा शेष मसरूका की पतासाजी एवं बरामदगी की कार्यवाही विवेचना के दौरान जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रार्थी मनीष डहेरवाल उम्र 32 वर्ष निवासी - भिलाई नगर , जिला - दुर्ग द्वारा विगत 21 सितम्बर को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत प्रस्तुत की गई कि आरोपियों द्वारा छल-कपट एवं धोखाधड़ी करते हुये प्रार्थी एवं उसके परिचितों के नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराकर आर्थिक एवं संपत्ति संबंधी नुकसान पहुंचाया गया है। प्राप्त शिकायत की जांच में धोखाधड़ी के तथ्य पाये जाने पर चौकी - स्मृतिनगर , थाना - सुपेला में अपराध क्रमांक 1408/2026 धारा 318(4) , 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ एवं सहायता का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामाग्री फाइनेंस कराई जाती थी। फाइनेंस के समय डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा EMI भरने का आश्वासन दिया जाता था। इसके बाद फाइनेंस कराई गई सामाग्री को कम कीमत पर अन्य व्यक्तियों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर उनकी निशानदेही पर लगभग दस लाख रुपये कीमत की नौ नग मसरूका बरामद की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने दो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी - स्मृतिनगर , थाना - सुपेला में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रकरण की त्वरित विवेचना , आरोपियों की पतासाजी तथा मसरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण -
जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस उम्र 28 वर्ष निवासी - मकान नं. 25 , कैलाश नगर जामुल भिलाई और भोजराज राय उर्फ भोजू उम्र 26 वर्ष निवासी - सतनाम भवन , मंगल बाजार के पास कोहका भिलाई , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री
08 नग वाहन एवं 01 नग वॉशिंग मशीन कुल 09 नग मसरूका कीमत लगभग दस लाख रुपये।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन , इलेक्ट्रॉनिक सामाग्री अथवा अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पूर्व उसके वास्तविक उद्देश्य एवं भुगतान संबंधी दायित्वों की पूरी जानकारी प्राप्त करें। अपने दस्तावेजों एवं वित्तीय जानकारी का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर ना करें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.