भोपालपटनम में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर, स्थानीय मूर्तिकार दे रहे हैं ‘लोकल से वोकल’ को आकार
भोपालपटनम। गणेश चतुर्थी को लेकर नगर भोपालपटनम में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नगर में भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से जारी है। इसी क्रम में दुर्गम नरेंद्र, ग्राम उल्लूर निवासी स्थानीय मूर्तिकार, भोपालपटनम में भगवान गणेश की विभिन्न प्रतिमाओं का निर्माण कर रहे हैं।
नरेंद्र द्वारा तैयार की जा रही प्रतिमाओं में उनकी कला और मेहनत साफ नजर आती है। साधारण मिट्टी से भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों को आकार देकर उन्हें सुंदर एवं आकर्षक रूप देने में वे दिन-रात जुटे हुए हैं। उनकी कार्यशाला में गणेश प्रतिमाओं के साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी तैयार की जा रही हैं।
स्थानीय कलाकारों को मिले प्रोत्साहन
‘लोकल से वोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए यदि नगरवासी गणेश प्रतिमाओं की खरीदी स्थानीय मूर्तिकारों से करें, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय कलाकारों को मिलेगा। इससे न केवल उनकी कला को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर भी बढ़ेंगे।
स्थानीय स्तर पर प्रतिमाएं खरीदने से नगर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। वहीं, वर्षों से अपनी कला के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने वाले स्थानीय कलाकारों का मनोबल भी बढ़ता है।
बाहर से खरीदने के बजाय स्थानीय कलाकारों को दें अवसर
गणेशोत्सव जैसे पर्व केवल धार्मिक आस्था के अवसर ही नहीं, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और हुनर को आगे बढ़ाने का भी माध्यम हैं। ऐसे में नगरवासियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे बाहर से प्रतिमाएं मंगाने के बजाय भोपालपटनम में तैयार हो रही गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता दें और स्थानीय कलाकारों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर दें।
स्थानीय कलाकारों का साथ—स्थानीय रोजगार की आस।
इस गणेशोत्सव, ‘लोकल से वोकल’ को दें बढ़ावा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.