सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान, अंगदान एवं देहदान के लिए जनजागरूकता पर जोर
जिला रक्तदान, अंगदान एवं देहदान समिति की बैठक में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का लिया गया संकल्प
कवर्धा, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्तदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला रक्तदान, अंगदान एवं देहदान समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र पैकरा की अध्यक्षता तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. सियाराम साहू की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में जिले में रक्तदान, अंगदान एवं देहदान को जनअभियान का स्वरूप देने, आमजनों को इसके महत्व की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय सेवा से जोड़ने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए रक्तदान और अंगदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर बल दिया गया।
जागरूकता और प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. सियाराम साहू ने कहा कि रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे मानवीय एवं जीवनरक्षक कार्यों के प्रति समाज में निरंतर जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों के मन में मौजूद भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। इसके लिए जिले में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर युवाओं एवं आम नागरिकों को रक्तदान और अंगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंगदान के माध्यम से किडनी, लिवर, हृदय एवं कॉर्निया जैसे अंगों का प्रत्यारोपण कर जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। भारत में अंगदान की दर अभी भी कम है, ऐसे में जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन भारत सरकार की नोडल एजेंसी है। अंगदान एवं प्रत्यारोपण से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-11-4770 एवं 14472 पर संपर्क किया जा सकता है।
सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर रक्तदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें आयोजित कर नागरिकों को इस मानवीय सेवा के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जाएगी। जिले में रक्तदान शिविर आयोजित कर युवाओं को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से रक्तदान, अंगदान एवं देहदान को लेकर जनजागरूकता गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
सेवा और जनभागीदारी से बनेगा सामाजिक संकल्प
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि रक्तदान, अंगदान एवं देहदान केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि समाज के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित कर जिले में सेवा और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत किया जाएगा। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकता है, वहीं अंगदान और देहदान मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का माध्यम बन सकता है। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे, समिति के उपाध्यक्ष श्री जीवन कौशिक, कोषाध्यक्ष श्री अनिल दानी, डीन के प्रतिनिधि डॉ. अहमद, डॉ. प्रतिमा जैन साह, डॉ. के.पी. जांगड़े, मेडिकल अधीक्षक डॉ. सुरेश ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. क्षमा चोपड़ा, आस्था समिति के अध्यक्ष श्री दौलतराम कश्यप, लोधी समाज के अध्यक्ष श्री संतोष कौशिक, सतनामी समाज के अध्यक्ष श्री रामप्रसाद मिरी, नई चमक रक्तदान समिति के अध्यक्ष श्री हरीश साहू, जिला रेडक्रॉस अधिकारी श्री बालाराम साहू सहित समिति के अन्य सदस्य एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
CNINEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.