बिलाईगढ़ महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
सारंगढ़ बिलाईगढ। बशासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय बिलाईगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सामूहिक रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाकांत मिश्र ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में मुख्य अतिथि राधा राकेश उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित विनोद डडसेना, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला बासुउरकुली उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सावित्रीबाई देवांगन, हीराबाई नेताम, शिवकुमारी जाहिरे, महाविद्यालय के भूतपूर्व छात्र एवं एनएसएस स्वयंसेवक बृजलाल सोनी तथा ज्ञानेश्वर दास सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक वस्तुओं से सामूहिक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के 41 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में आंचल मार्कण्डे, नेहा हरिप्रिय, मनीषा साहू एवं नीलकमल साहू की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में हिंदी के सहायक प्राध्यापक ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन पंकज साहू (एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी) के द्वारा किया गया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.