बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या करने के महिला सहित चार आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुये विवाद के बाद पीट - पीट कर हत्या के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुये चौकी पंतोरा पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने अरविन्द तिवारी को बताया गत दिवस 25 सितंबर को चौकी पंतोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम गतवा में गणेशजी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली- गलौच एवं मारपीट हुई। राहुल द्वारा अपने पिता रोहित कश्यप को घटना की जानकारी देने पर रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे , जहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद रोहित , राहुल एवं जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी पंतोरा जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम के हाईस्कूल के पास आरोपी शिव कश्यप , नारायण कश्यप , संजय कश्यप एवं सविता कश्यप रास्ते में मिले। तीनों मोटरसाइकिल से उतरकर बात कर रहे थे , तभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी शिव कश्यप ने डण्डे से तथा नारायण कश्यप एवं संजय कश्यप ने हाथ-मुक्का एवं पैर से रोहित , राहुल एवं जोत राम कश्यप के साथ मारपीट की। वहीं आरोपी सविता कश्यप द्वारा राहुल कश्यप को पकड़कर मारपीट की गई। मारपीट के दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटककर सिर एवं छाती में गंभीर चोट पहुंचाई गई , जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ यूलैण्डन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुये एसडीओपी अकलतरा डा० मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चारों आरोपियों शिव कश्यप (पूर्व सरपंच) , नारायण कश्यप , संजय कश्यप एवं सविता कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं विवेचना के पश्चात चारों आरोपियों को चौकी पंतोरा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक मनोहर सिन्हा थाना प्रभारी बलौदा , उपनिरीक्षक के. के. साहू चौकी प्रभारी पंतोरा , एएसआई जयनंदन मार्बल , आरक्षक दिलीप माथुर , युवराज सिंह , रामगोपाल , अहमद कुरैशी का सराहनीय योगदान रहा।
मृतक -
जोत राम कश्यप उम्र 74 वर्ष निवासी ग्राम - गतवा , चौकी पंतोरा
गिरफ्तार आरोपीगण
शिव कुमार कश्यप पिता महेश राम कश्यप , संजय कश्यप पिता महेश राम कश्यप , नारायण कश्यप पिता शिव कुमार कश्यप और सविता कश्यप पति शिव कुमार कश्यप सभी निवासी ग्राम - गतवा , चौकी - पंतोरा , थाना - बलौदा , जिला - जांजगीर चाम्पा (छत्तीसगढ़)।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.