महिलाओं के रक्तदान की ऐतिहासिक पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
स्टेट हेड श्रीमति सोनल राजेश शर्मा ने सीएम साय को सौंपा सर्टिफिकेट
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्तदाता द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाकर उसके परिवार के लिये नई उम्मीद बन सकता है। आज बड़ी संख्या में माताओं-बहनों , युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों का रक्तदान , देहदान और अंगदान के लिये आगे आना सेवा , संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व की प्रेरणादायी मिसाल है।
उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन , रक्तदान महाकुंभ एवं वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर को संबोधित करते समय यह बात कही। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनायें दीं और रक्तदान , देहदान एवं अंगदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों के सेवा भाव की सराहना की। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनकल्याण के विविध कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सेवा का यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन और रक्तदान महाकुंभ इसी सेवा भावना का सशक्त उदाहरण है। विशेष रूप से इतनी बड़ी संख्या में माताओं-बहनों का रक्तदान के लिये आगे आना अत्यंत प्रेरणादायी है। एक ही दिन में एक हजार से अधिक महिलाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की है। इस ऐतिहासिक पहल का गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिये गौरव का विषय है।
महिलाओं के रक्तदान की पहल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
रक्तदान महाकुंभ में सेवा और जनभागीदारी की ऐतिहासिक तस्वीर देखने को मिली , एक ही दिन में एक हजार से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के स्टेट हेड श्री मति सोनल राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुये कहा कि रक्तदान का महत्व केवल आंकड़ों या रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिये जीवन की नई आशा है। रक्तदान के लिये आगे आने वाला प्रत्येक व्यक्ति मानवता की सेवा में अपना अमूल्य योगदान देता है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव , वन मंत्री केदार कश्यप , राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित सांसद , विधायक , विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्षगण , प्रशासनिक अधिकारी , अर्धसैनिक बल एवं सेना के अधिकारी और जवान तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.