जिला दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा
दिनांक 30.09.2026
स्थान.. दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
संवाददाता. असीम पाल
दंतेवाड़ा जिले के दीगर राज्य से साइबर फ्रॉड के आरोपी गिरफ्तार
₹61,06,592/- के साइबर फ्रॉड में आरोपी की संलिप्तता
जिला दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा में अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन सिंह, जिला दन्तेवाड़ा के दिशा-निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूटे के मार्गदर्शन तथा साइबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह एवं श्रीमती आकांक्षा सिंह ठाकुर, एसडीओपी दन्तेवाड़ा के पर्यवेक्षण में तथा निरीक्षक शशांक पौराणिक के नेतृत्व में साइबर फ्रॉड के आरोपी को दीगर राज्य से गिरफ्तार करने में दन्तेवाड़ा पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है।
प्रार्थी भूपेंद्र तेलामी, पिता श्री आयतु राम तेलामी, उम्र 44 वर्ष, निवासी हारमपारा गीदम, थाना गीदम, जिला दन्तेवाड़ा की रिपोर्ट पर कुल ₹61,06,592/- (इकसठ लाख छः हजार पाँच सौ बानबे रुपये) के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के संबंध में थाना गीदम में अपराध क्रमांक 27/2025, धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस एवं साइबर फॉरेंसिक टूल्स के माध्यम से साइबर फ्रॉड में संलिप्त आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश करते हुए आरोपी दिनेश, पिता भागीरथ राम, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम कृष्ण नगर, चौकी लक्ष्मण नगर, थाना भोजासर, जिला फलोदी (राजस्थान) को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को ट्रांजिट रिमाण्ड पर दन्तेवाड़ा लाया गया तथा दिनांक 30.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जिला जेल दन्तेवाड़ा भेजा गया है।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी बैंक खातों को किराये पर लेकर उनके माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि का लेन-देन करते थे। इसके पश्चात उक्त धनराशि को क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर अपराध से संबंधित साक्ष्यों एवं धनराशि के वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था।
उक्त प्रकरण में अब तक साइबर फ्रॉड में संलिप्त कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल दन्तेवाड़ा भेजा जा चुका है। प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक अशोक शर्मा, उप निरीक्षक रूपेश नारंग एवं आरक्षक मिथिलेश पुजारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.