सीएम हेल्पलाइन का संवेदनशील प्रयास: दिव्यांग सौरभ को घर बैठे मिली राहत, आधार में अपडेट हुआ मोबाइल नंबर
मुख्यमंत्री विष्णु भैया के सुशासन से अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहीं सरकारी सेवाएं
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में मुख्यमंत्री हेल्प लाइन का बेहतर क्रियान्वय से लोगो में आस जगी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 सितम्बर 2026। राज्य शासन की मंशा और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति के अनुरूप जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील निराकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। 'विष्णु का सुशासन' केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि मैदानी स्तर पर आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में 'सीएम हेल्पलाइन 1076' के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन की टीम ने दिव्यांग सौरभ केशरवानी को घर बैठे ही शासकीय सुविधा उपलब्ध कराकर संवेदनशीलता और जवाबदेह प्रशासन की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ के धरम गली (मकान नंबर 261) निवासी दिव्यांग सौरभ केशरवानी को अपने आधार दस्तावेज में मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सख्त जरूरत थी। हालाँकि, गंभीर शारीरिक अस्वस्थता और दिव्यांगता के चलते वे आधार सेवा केंद्र तक जाने में पूरी तरह असमर्थ थे। बार-बार प्रयास करने के बावजूद जब समाधान नहीं निकला, तो उन्होंने राज्य सरकार की जनहितकारी व्यवस्था 'सीएम हेल्पलाइन 1076' में संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज कराई।
हेल्पलाइन पर शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन के ई-जिला प्रबंधक और तकनीकी टीम विशेष बायोमेट्रिक किट एवं आवश्यक उपकरणों के साथ सीधे सौरभ के निवास स्थान पहुँची। टीम ने मौके पर ही सौरभ के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। वर्षों पुरानी इस समस्या का घर बैठे ही त्वरित और स्थायी समाधान होने पर सौरभ का चेहरा खुशी से खिल उठा।
घर बैठे मिले इस त्वरित समाधान और प्रशासन की संवेदनशीलता से अभिभूत होकर सौरभ केशरवानी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगता के कारण आधार केंद्र तक जाना उनके लिए अत्यंत कठिन और कष्टदायी था, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु भैया के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन में सिर्फ एक कॉल करते ही प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुँच गया। जिला प्रशासन की इस तत्परता से यह स्पष्ट होता है कि राज्य सरकार की सुशासन नीति के तहत अब अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासकीय सेवाओं को सुगमता और सम्मान के साथ पहुँचाया जा रहा है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.