बिलाईगढ़ के समलाई माता मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नवरात्रि में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या, 1085 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित; मंदिर समिति की ओर से प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था
बिलाईगढ़। नगर के प्रसिद्ध समलाई माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। मंदिर में बढ़ती आस्था और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष भरत देवांगन ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष मंदिर में कुल 1085 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए हैं। श्रद्धालुओं ने माता रानी के समक्ष ज्योति प्रज्ज्वलित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की है। मंदिर परिसर में प्रज्ज्वलित ज्योति की जगमगाती रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
नवरात्रि के नौ दिनों तक समलाई माता मंदिर में दर्शन, पूजन और आरती का क्रम जारी रहेगा। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। भक्त माता की आराधना कर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
मंदिर समिति की ओर से प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति की ओर से प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस भंडारे के माध्यम से सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मंदिर समिति की इस व्यवस्था से दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को सुविधा मिल रही है।
समिति की ओर से बताया गया कि भंडारे में सहयोग करने के इच्छुक श्रद्धालु प्रतिदिन माता के भोग-प्रसाद के लिए 251 रुपये, प्रतिमाह 1100 रुपये तथा प्रतिवर्ष 2100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर सकते हैं। इसके अलावा श्रद्धालु अपनी इच्छानुसार व्यक्तिगत रूप से अथवा सामूहिक रूप से भी भंडारे में सहयोग कर सकते हैं।
आकर्षक सजावट से बढ़ी मंदिर की सुंदरता
नवरात्रि पर्व के अवसर पर समलाई माता मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। नवरात्रि के दौरान मंदिर में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़,ज्योति कलश के प्रति आस्था और सेवा भाव से आयोजित भंडारा धार्मिक परंपरा एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दे रहा है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.