लोकेशन -- मन्दसौर
जिला -- मन्दसौर
रिपोर्ट -- मध्य प्रदेश हेड ब्यूरो मंगल देव राठौर
मन्दसौर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय का घेराव
गांधी चौराहे से निकला विशाल पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मन्दसौर। मतदाता सूची एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को मन्दसौर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए विशाल पैदल मार्च निकाला गया।
पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। यहां कांग्रेसजनों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कांग्रेसजनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने एवं उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। साथ ही मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इसी दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया। इस मौके पर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर मन्दसौर में राजनीतिक गतिविधियां तेज नजर आईं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच कलेक्टर कार्यालय परिसर के बाहर विरोध दर्ज कराया गया।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.