खैरागढ़ छत्तीसगढ़।
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आदर्श शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम, 12 अक्टूबर 2026, खैरागढ़ मे आयोजित किया गया
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ल के निर्देशन में आदर्श शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,
खैरागढ़ में बालिकाओं के स्वास्थ्य, अधिकारों, शिक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता, क्विक आंसर राउंड एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इनके माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षा, बालिका अधिकारों तथा लैंगिक समानता के महत्व से अवगत कराया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही, उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व लिंग चयन पर कानूनी प्रतिबंध के बारे में बताया।
जिला सलाहकार RMNCH+A श्रीमती आरती चतुर्बिदानी ने भ्रूण हत्या एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बेटा-बेटी में भेदभाव न करने, प्रत्येक बालिका को जन्म लेने का समान अवसर देने तथा समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को जानने-समझने तथा शिक्षा एवं आत्मविश्वास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री कमलेश्वर सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव, जिला सलाहकार RMNCH+A श्रीमती आरती चतुर्बिदानी, कुमारी गौरी साहू एवं श्री नागेश्वर बघेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए शिक्षित, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.