राजनांदगांव
नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण एवं छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस चौकी चिचोला की त्वरित कार्रवाई।
नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार।
आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका सकुशल बरामद।
घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं मोबाइल फोन विधिवत जप्त।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
मामले का संक्षिप्त विवरण
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 03.10.2026 को पीड़िता की माता द्वारा पुलिस चौकी चिचोला में उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसकी नाबालिग पुत्री दिनांक 02.10.2026 को दोपहर करीब 11:30 बजे से लापता है। परिजनों द्वारा नाबालिग बालिका की जान-पहचान, रिश्तेदारों एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगातार पता तलाश की गई, किंतु उसका पता नहीं चल सका।
प्रार्थिया द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने की आशंका व्यक्त की गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी चिचोला, थाना छुरिया में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर नाबालिग बालिका एवं अज्ञात आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव श्री कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री केसरीनंदन नायक को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, सउनि. बीरेन्द्र नाविक एवं हमराह स्टाफ द्वारा नाबालिग बालिका एवं अज्ञात आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
विवेचना के दौरान दिनांक 05.10.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि नाबालिग बालिका को पुलिस चौकी सुकुलदैहान, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव क्षेत्र के ग्राम खपरीकला निवासी पुनीत यादव पिता तामेश्वर यादव, उम्र 21 वर्ष के घर में रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल संदेही के निवास पर पहुंचकर पतासाजी की गई, जहां नाबालिग बालिका मिली। बालिका को समक्ष गवाहों के बरामदगी पंचनामा तैयार कर सकुशल बरामद किया गया।
इसके पश्चात संदेही पुनीत यादव को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी चिचोला लाया गया। नाबालिग बालिका से महिला पुलिस अधिकारी, थाना डोंगरगढ़ के माध्यम से पूछताछ कर कथन लिया गया। संदेही पुनीत यादव से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका को दिनांक 02.10.2026 को दोपहर करीब 11:30 बजे उसके निवास से मोटर साइकिल द्वारा अपने घर ग्राम खपरीकला ले जाना तथा उसके साथ छेड़छाड़ करना स्वीकार किया गया।
घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं पुरानी इस्तमाली मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 04 एमएल 9817 को सक्षम गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किया गया। आरोपी पुनीत यादव को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को रिमांड पर भेजा गया।
उक्त कार्रवाई में पुलिस चौकी प्रभारी चिचोला निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, सउनि. बीरेन्द्र नाविक, आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज, आरक्षक क्रमांक 1342 प्रदीप सोनी, आरक्षक क्रमांक 1843 केश लाल रात्रे एवं महिला आरक्षक क्रमांक 934 कुसुम एक्का का सराहनीय योगदान रहा।
सी एन आई न्यूज़ के लिए संतोष सहारे की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.