सी एन आई न्यूज रिपोर्टर रमेश श्रीवास्तव पिथौरा 9977708864
पिथौरा में छातिम के फूलों की तेज गंध शरीर के लिए हानिकारक, कब काटेगा प्रशासन ?
पिथौरा। नगर के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों छातिम (सप्तपर्णी) के पेड़ों पर फूल खिले हुए हैं। फूलों से निकलने वाली तेज गंध को लेकर कुछ स्थानीय नागरिकों, खासकर सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों ने असहजता की शिकायत की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई इलाकों में एक साथ बड़ी संख्या में छातिम के पेड़ होने के कारण फूलों की गंध काफी तीव्र महसूस हो रही है। ऐसे में सांस के मरीजों और गंध के प्रति संवेदनशील लोगों की परेशानी को लेकर चिंता जताई जा रही है।
स्थानीय समाजसेवी गोविंद शर्मा के मुताबिक, इस समस्या के समाधान के लिए वे विगत पांच वर्षों से प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित पहल किए जाने की अपेक्षा जताई है।
मामला सामने आने के बाद सवाल यह है कि क्या स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग ने इस स्थिति का संज्ञान लिया है? क्या ऐसे स्थानों को चिन्हित कर वहां रहने वाले नागरिकों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है? यदि नागरिकों की ओर से शिकायतें मिल रही हैं, तो उनकी स्थिति का मौके पर आकलन करने की पहल क्यों नहीं की गई?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का कारण केवल फूलों की गंध ही है। इसके लिए चिकित्सकीय या विशेषज्ञ आकलन आवश्यक होगा। बावजूद इसके, नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से सुनना और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका का हिस्सा है।
अब देखना होगा कि नागरिकों की इस चिंता पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग क्या संज्ञान लेते हैं।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.