साल्हेवारा में सजा प्रशासन का दरबार, समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण
सेवा संकल्प शिविर में योजनाओं का लाभ, विकास कार्यों की सौगात; कलेक्टर ने दिया त्वरित निराकरण का भरोसा
खैरागढ़ । वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा में रविवार को आयोजित सेवा संकल्प शिविर में शासन-प्रशासन और ग्रामीणों का सीधा संवाद देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, बंटवारा एवं फौती सहित विभिन्न प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। वहीं आबादी भूमि के पट्टे सहित अन्य सुविधाओं का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं से अवगत कराया।
रक्तदान को लेकर दिखा अभूतपूर्व उत्साह
सेवा संकल्प शिविर में रक्तदान महादान अभियान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। राजनांदगांव जिला अस्पताल के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में 21 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
विकास कार्यों को मिली गति
शिविर के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आवश्यक विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं। पुल-पुलिया, मुरुम सड़क, पंचायत भवन एवं शेड निर्माण सहित ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। इससे लंबे समय से विकास कार्यों की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों में उत्साह नजर आया।
कलेक्टर ने कहा— जायज समस्याओं का होगा निराकरण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से जांच कर पात्र एवं जायज समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। साल्हेवारा में आयोजित यह सेवा संकल्प शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद तथा सेवा की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनकर सामने आया।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.