सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़)
जनदर्शन में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं, 32 आवेदन प्राप्त
सभी विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के दिए निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने जनदर्शन आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं।
इस दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर निराकरण की मांग की। जनदर्शन में कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए।
अपर कलेक्टर श्री कौशिक ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें और आवेदकों को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जनदर्शन में ग्राम मालदा के रोजगार सहायक एवं आवास मित्र द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रिश्वत मांगने तथा अनियमितता किए जाने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई। वहीं माखनलाल जाटव ने आर्थिक सहायता राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम बरभाठा निवासी करमाहा भारतीय ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
इसी प्रकार नगर पंचायत भटगांव के नगरवासियों द्वारा अड़बंधा तालाब में बंद पड़े कॉम्प्लेक्स का आवंटन निरस्त करने एवं निर्माण कार्य बंद कराने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम खम्हारडीह निवासी धरमलाल अजगल्ले ने दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया।
जनदर्शन में प्राप्त अन्य आवेदनों में भी नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं मांगों को रखा। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.