90 माह का बकाया महंगाई राहत दें मुख्यमंत्री : पेंशनर्स
मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नागरिक अभिनंदन करेगा पेंशनर्स महासंघ
सी एन आइ न्यूज़ पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर- छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को 90 माह के लंबित महंगाई राहत (डीआर) एरियर का भुगतान करने की मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से न्यायोचित निर्णय लेने का आग्रह किया है। महासंघ ने कहा है कि पेंशनरों को उनका वाजिब आर्थिक अधिकार दिलाने के लिए राज्य सरकार को अब सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा शासन और समाज की सेवा में समर्पित कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन ही उनके जीवनयापन का प्रमुख आर्थिक आधार है। ऐसी स्थिति में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच 90 माह के लंबित महंगाई राहत एरियर का भुगतान नहीं होना पेंशनरों के लिए गंभीर आर्थिक चिंता का विषय है।
नामदेव ने कहा कि महंगाई राहत पेंशनरों पर सरकार का कोई उपकार या अनुग्रह नहीं, बल्कि बढ़ती महंगाई के प्रभाव को कम करने के लिए मिलने वाला उनका अधिकार है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई राहत की दर और देय तिथि से राज्य के पेंशनरों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। एक ही देश में समान सेवा शर्तों के अंतर्गत सेवानिवृत्त पेंशनरों के बीच महंगाई राहत को लेकर अंतर नहीं होना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया कि पेंशनरों की पीड़ा और उनकी आर्थिक परिस्थितियों को समझते हुए 90 माह के लंबित महंगाई राहत एरियर के भुगतान के संबंध में शीघ्र निर्णय लें। साथ ही केंद्र के समान दर और देय तिथि से महंगाई राहत देने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन करेंगे पेंशनर्स
वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से टकराव नहीं, बल्कि संवाद और सकारात्मक निर्णय के माध्यम से पेंशनरों की समस्याओं का समाधान चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मुख्यमंत्री पेंशनरों की 90 माह के लंबित महंगाई राहत एरियर के भुगतान की मांग स्वीकार कर ठोस निर्णय लेते हैं, तो भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों की वर्षों पुरानी आर्थिक समस्या का समाधान करना वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके गरिमापूर्ण जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। महासंघ को आशा है कि मुख्यमंत्री पेंशनरों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें शीघ्र राहत प्रदान करेंगे।
– वीरेन्द्र नामदेव
प्रांताध्यक्ष
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.