भटगांव नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे के खिलाफ पूनम पाण्डेय ने खोला मोर्चा, राज्य महिला आयोग में की शिकायत
महिला से अभद्रता, धमकी देने और पंचनामा कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप; निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग
भटगांव। सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत भटगांव नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुरें के खिलाफ मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पाण्डेय ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अध्यक्ष विक्रम कुरें पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने, धमकी देने तथा शासकीय पंचनामा कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पूनम पाण्डेय के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को भटगांव में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130B से संबंधित पंचनामा - कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग में वरिष्ठ अधिकारियों, नगर पंचायत सीएमओ, तहसीलदार, बलौदाबाजार के एसडीओ तथा मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पाण्डेय एवं उनकी टीम की मौजूदगी में पंचनामा रिपोर्ट तैयार की जा रही थी। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुरें अपने कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। पूनम पाण्डेय ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई। इस घटना को लेकर 4 नवंबर 2026 को भटगांव थाने में भी लिखित शिकायत प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की गई थी। अब मामले को गंभीरता से लेते हुए पूनम पाण्डेय ने राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है और आयोग छ. ग. राज्य महिला आयोग से हस्तक्षेप कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पूनम पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई पद या व्यक्ति नहीं है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.