यातायात नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी - एएसपी उदयन बेहार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - नैला नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुये जांजगीर -चांपा पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किये गये थे। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा ना हो तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे , इसके लिये अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई थी। इस दौरान मुख्यालय जांजगीर , सुकली एवं पचेड़ा के युवाओं ने स्वेच्छा से आगे आकर पुलिस के साथ सड़क पर तैनात होकर यातायात व्यवस्था सम्हालने में सराहनीय सहयोग प्रदान किया। युवाओं ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने तथा यातायात को व्यवस्थित बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं की इस सामाजिक जिम्मेदारी , सेवा भावना एवं सराहनीय योगदान को देखते हुये पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार द्वारा सभी सहयोगी युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एएसपी यातायात ने युवाओं के सहयोग की भावना की सराहना करते हुये कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही बेहतर यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है। आम नागरिकों के सहयोग के बिना सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था संभव नहीं है। यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है , इसमें हर नागरिक की बराबर की भागीदारी है। यदि हर व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करे , हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करे , ओवर स्पीडिंग और शराब पीकर वाहन ना चलाये , तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी आ सकती है। एएसपी यातायात ने कहा अक्सर देखा जाता है कि लोग जल्दी पहुंचने के चक्कर में गलत दिशा में वाहन चलाते हैं , नो-पार्किंग में वाहन खड़ा कर देते हैं , जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इससे ना केवल आम लोगों को परेशानी होती है , बल्कि एंबुलेंस , फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता।
आम नागरिकों से की अपील -
इस दौरान एएसपी उदयन बेहार ने आम नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग यातायात नियमों का स्वयं पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें , अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन ना चलाने दें , सड़क पर वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें , पैदल चलने वालों और स्कूल के बच्चों का विशेष ध्यान रखें और यातायात पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिये लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही भी की जा रही है। लेकिन नियमों का पालन जबरदस्ती से नहीं बल्कि जागरूकता से होगा , तभी व्यवस्था स्थाई रूप से सुधरेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.