विवेकी बनकर बच्चों को भी विवेकवान बनाएं, प्रभु से सहज भाव से करें प्रेम : पंडित विकास मिश्राजी
बिलाईगढ़। अनुविभाग मुख्यालय बिलाईगढ़ के इंदिरा मार्केट में अधिवक्ता एवं नोटरी गोपाल दुबे तथा श्रीमती बबीता दुबे द्वारा स्वर्गीय कुलदीपक दुबे की स्मृति में विश्व कल्याण की भावना से आयोजित संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में जारी है। कथा के द्वितीय दिवस नगर पंचायत तुमगांव, जिला महासमुंद से पधारे कथा व्यास पंडित विकास मिश्रा जी ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराते हुए जीवन में विवेक, सत्संग और सहज भक्ति का महत्व बताया। पंडित विकास मिश्राजी ने कहा कि मनुष्य को स्वयं विवेकी बनकर अपने बच्चों को भी विवेकवान बनाना चाहिए। आज के समय में अधिकांश माता-पिता अपने बच्चों को बुद्धिमान (इंटेलिजेंट) बनाना चाहते हैं, जो अच्छी बात है, लेकिन बुद्धिमत्ता के साथ विवेक का होना भी अत्यंत आवश्यक है। विवेक के अभाव में बुद्धिमान व्यक्ति भी विनाशकारी कार्य कर सकता है, जबकि विवेकी व्यक्ति सोच-समझकर परिवार और समाज के हित में कार्य करता है तथा अच्छे-बुरे का अंतर समझकर सही मार्ग चुनता है। उन्होंने कहा कि विवेक की प्राप्ति सत्संग से होती है। भगवत कथा का श्रवण और उस पर मनन करने से मनुष्य के भीतर विवेक जागृत होता है। इसलिए बच्चों को भी धार्मिक आयोजनों और कथा श्रवण के लिए साथ लेकर जाना चाहिए। गोस्वामी तुलसीदासजी की चौपाई 'बिनु सतसंग विवेक न होई। राम कृपा बिनु सुलभ न सोई।।' का उल्लेख करते हुए उन्होंने सत्संग की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति के साथ मन की मलिनता दूर होती है तथा जीवन में निर्मलता, शांति और प्रसन्नता का संचार होता है। कथा व्यास ने नारदजी के पूर्व जन्म की कथा का विस्तार से वर्णन किया। इसके साथ ही राजा परीक्षित के जन्म का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने उत्तरा के गर्भ में प्रवेश कर राजा परीक्षित के प्राणों की रक्षा की थी। भगवान कपिलदेव के अवतार की कथा सुनाते हुए उन्होंने माता देवहूति को दिए गए सांख्य शास्त्र के ज्ञान का भी विस्तारपूर्वक वर्णन किया। कथा के दौरान मधुर भजनों और संकीर्तन की प्रस्तुति से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में डूबे रहे। प्रेम और भक्ति के संबंध में पंडित विकास मिश्राजी ने कहा कि मनुष्य को भगवान से सहज भाव से प्रेम करना चाहिए। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों को नहलाती, खिलाती, पिलाती और सुलाती है, लेकिन इन कार्यों को करते समय उसे परिश्रम का अहसास नहीं होता, उसी प्रकार भगवान के प्रति भी प्रेम स्वाभाविक और सहज होना चाहिए। भगवान सहजता, सरलता, सुंदरता और निर्मलता से प्राप्त होते हैं। भक्ति में दिखावा नहीं, बल्कि हृदय की सच्ची भावना महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर कथा श्रवण के लिए शिवरीनारायण से विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अधिकारी योगेश शर्मा, पवन सुल्तानिया एवं राजेश अग्रवाल विशेष रूप से पहुंचे और कथा का श्रवण किया। आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर लगभग 2 बजे से हरि इच्छा तक आयोजित की जा रही है। कथा व्यास पंडित विकास मिश्राजी एवं आयोजक परिवार ने नगर सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.