दिव्यांगता शरीर की होती है , हौसले की नही - एसपी विजय पाण्डेय
(हौसले के आगे हार गई दिव्यांगता , तालियों से गूंज उठा स्टेडियम)
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - दिव्यांगता शरीर की होती है , हौसले की नहीं। आज मैदान में दिव्यांग खिलाड़ियों ने जिस जज्बे, अनुशासन और टीम भावना के साथ क्रिकेट खेला , वह हम सभी के लिये प्रेरणा है। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिये आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
उक्त बातें जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (आईपीएस) ने मार्निंग क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में शिवरीनारायण में आयोजित रात्रिकालीन अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ में मुख्य अतिथि के आसंदी से कही। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से प्रोत्साहित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ता है और दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ते हैं। पुलिस प्रशासन हमेशा दिव्यांगजनों के सम्मान , सुरक्षा और सहयोग के लिये तत्पर है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुये कहा कि नशा ना केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब करता है , बल्कि परिवार , समाज और पूरे देश के भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। आज का युवा ही कल का भारत है , यदि युवा नशे की चपेट में आयेगा तो देश की प्रगति रुक जायेगी। इसलिये युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल , शिक्षा , संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिये। एसपी पाण्डेय ने कहा कि नशे की लत अपराधों की जड़ है। चोरी , लूट , मारपीट और सड़क दुर्घटनाओं के पीछे अधिकांश मामलों में नशा ही कारण होता है। युवाओं को नशा तस्करों से सावधान रहने और किसी भी प्रकार के नशे के प्रलोभन में ना आने की जरूरत है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें , उनसे संवाद बनाये रखें और उनके आचरण में बदलाव आने पर तुरंत समझदारी से मार्गदर्शन करें। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त है। जिले में नशा बेचने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी को भी नशे के कारोबार की सूचना मिले तो वह बेझिझक पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जायेगा। इस अवसर पर एसपी पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुये आयोजन समिति को इस शानदार आयोजन के लिये बधाई एवं शुभकामनायें दी। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया , वहीं मैदान में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों ने दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्साह , जज्बे और खेल भावना का तालियों की गडगड़ाहट के साथ स्वागत किया। दर्शकों ने हर चौके-छक्के पर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। विजेता और उपविजेता टीमों को पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रॉफी , मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय का पुष्पगुच्छ , शाल भेंटकर स्वागत किया। वहीं आयोजक समिति ने कहा कि आगे भी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिये इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जायेगा। वहीं दिव्यांग खिलाड़ियों ने भी उन्हें सम्मान एवं अवसर प्रदान करने के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रतीक शुक्ला द्वारा किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि , सामाजिक संगठन के पदाधिकारी , खिलाड़ी , उनके परिजन एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि सिटी टेम्पल शिवरीनारायण के मेला ग्राउंड में अष्टदिवसीय अंतर्राज्यीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन मॉर्निंग ग्रुप क्लब के सदस्यों एवं नगरवासियों के सहयोग से 25 नवंबर से 02 दिसंबर तक किया गया है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों की नामी कुल 16 टीमें भी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये नगद एवं ट्रॉफी हॉटल ध्रुव तारा व गणपति ट्रेडर्स की ऒर से प्रदान की जाएयेगी। वहीं उपविजेता टीम को एक लाख रुपए नकद एवं ट्रॉफी नगर के समाजसेवी प्रकाश बंसल की ऒर से प्रदान की जायेगी। मैंन आफ द सीरीज ग्यारह हजार रुपये व ट्राफी राहुल सुल्तानिया की ऒर से प्रदान की जायेगी तो वहीं बेस्ट बेस्टमैंन व बेस्ट बॉलर को पांच हजार रुपये व ट्राफी से पुरुस्कृत किया जायेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.