
कोण्डागांव ( गिरीश जोशी ) : 25 अप्रैल 2020/विगत दिनों विश्वव्यापी बीमारी के चलते सम्पूर्ण विश्व मे आर्थिक-सामाजिक गतिविधियां मानो रुक सी गयी थी परन्तु 20 अप्रैल से केंद्र सरकार द्वारा लॉक डाउन में दी गयी छूट के चलते जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से सीमित निर्माण गतिविधियों को शुरु कर दिया गया है। ऐसे में जिले में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने जिले के मुखिया कलेक्टर नीलकंठ टीकाम स्वयं पूरे जिले में दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में विगत 24 अप्रैल को कलेक्टर विकासखण्ड बड़ेराजपुर के एफआरए क्लस्टर ग्राम गम्हरी पहुंचे। जहां उन्होंने क्लस्टर गम्हरी के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया साथ ही यहां मनरेगा के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की और कार्य में लगे श्रमिकों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लाॅक डाउन में दी गई छूट के चलते ग्रामीण इलाको में रुके हुए निर्माण कार्य पूर्ववत प्रारंभ कर दिए गए है। अतः अब श्रमिक सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करते हुए एक निश्चित दूरी बनाकर कार्य करे। इसी प्रकार ग्राम पंचायत गम्हरी के ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने राज्य शासन की कृषि आधारित योजनाओं एवं आधुनिकतम कृषि यांत्रिकी के लाभों के संबंध में उन्हें विस्तार से बताया। इस संबंध में उन्होंने आगे कहा कि ग्राम गम्हरी के 106 एकड़ में 64 कृषकों को एफ आर ए क्लस्टर के माध्यम से लाभान्वित किया जायेगा। जिसमें उन्नत कृषि के साथ-साथ सुकर पालन, बकरी पालन, गौधन पालन के माध्यम से यहां सामुदायिक आर्थिक समृद्धि से विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
पटवारी का किया स्थानांतरण
कलेक्टर के दौरे के दौरान मुख्यालय में पटवारी के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने ग्राम गम्हरी में कार्यरत पटवारी के स्थानांतरण के निर्देष दिए साथ ही तहसीलदार द्वारा जल्द से जल्द नवीन पटवारी की गम्हरी में पदस्थ किए जाने के आदेश दिए।
विकासखण्ड माकड़ी एवं विश्रामपुरी के विकास कार्यों को भी देखा
इस दौरान उन्होंने माकड़ी एवं विश्रामपुरी के मध्य बन रही सड़कों का सर्वे किया साथ ही इस मार्ग पर बन रहे नालो एवं पुलों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, तत्पश्चात कलेक्टर कांकेर एवं कोण्डागांव की सीमा पर बसे ग्रामों में निर्माणाधीन गौठानो का जायजा लिया एवं विश्रामपुरी में बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शाला भवन का भी निरीक्षण किया।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.