अम्बिकापुर 04 सितम्बर 2020/वाणिज्य उद्योग एवं वन विभाग के प्रमुख सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज पिंगुआ ने आज अम्बिकापुर, लखनपुर, लुण्ड्रा, बतौली, सीतापुर तथा मैनपाट विकासखण्ड के ग्रामों में आरआई एवं पटवारी द्वारा जाए जा रहे गिरदावरी का निरीक्षण कर खसरा एवं रकबे में लगाए गए फसल का सत्यापन किया। अम्बिकापुर विकासखण्ड के ग्राम भिठ्ठीकला में गिरदावरी निरीक्षण के दौरान खसरा क्रमांक 386 में लगाए गए अरहर के फसल का गिरदावरी पंजी में दर्ज नहीं करने और आरआई एवं पटवारी द्वारा संतोषप्रद जवाब नहीं देने पर आरआई श्री अजय गुप्ता और पटवारी श्री मनोज सिंह को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने कहा कि त्रुटि रहित गिरदावरी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकतायुक्त कार्य है इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खसरा क्रमांक एवं रकबे में लगाए गए फसल का सही-सही जानकारी दर्ज करें तथा ऑनलाईन प्रविष्टि भी सावधानीपूर्वक करें। उन्होंने अधिकारियों को गिरदावरी पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
श्री पिंगुआ ने गिरदावरी निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से खसरा क्रमांक एवं रकबे मे लगाए गए फसल के बारे में पूछ-ताछ की और कहा कि गिरदावरी से सम्बंधित सही-सही जानकारी पटवारी को दें।
इसके पश्चात प्रमुख सचिव ने लखनपुर विकासखण्ड के ग्राम सिंगीटाना, लुण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम सुमेरपुर, बतौली विकासखण्ड के ग्राम मंगारी, सीतापुर विकासखण्ड के ग्राम सोनताराई तथा मैनपाट विकासखण्ड के ग्राम कुनिया में भी गिरदावरी का निरीक्षण कर खसरा एवं रकबे का सत्यापन किया।
कुनिया गौठान का निरीक्षण - प्रमुख सचिव ने मैनपाट भ्रमण के दौरान आदर्श गोठान कुनिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बटेरपालन, मशरूम पालन, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण तथा बाडी विकास का अवलोकन किया। उन्होंने चन्दा स्व सहायता समूह के द्वारा उत्पादित मशरूम एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के सम्बंध में पूछ-ताछ कर जानकारी प्राप्त की तथा गोठान में आजीविका संवर्धन के लिए अधिक से अधिक समूहो को जोड़कर भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रमुख सचिव ने ग्राम ललैया में वन विभाग द्वारा रोपित चाय बागान का भी अवलोकन किया और वन विभाग के अधिकारियों को मैनपाट के जलवायु के अनुकूल चाय बागान को बडे पैमाने पर विकसित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य वन संरक्षक श्री एबी मिंज, अपर कलेक्टर श्री एएल ध्रुव सहित राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
जिला ब्यूरो चीफ -आकाश जायसवाल
कैमरा मैन- कादिर खान
अम्बिकापुर (जिला सरगुजा)
दिनांक-04-09-2020


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.