अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चारदिवसीय अमेरिका यात्रा के बाद आज स्वदेश लौट आये हैं। राजधानी दिल्ली के पालम हवाई अड्डे के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे०पी० नड्डा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान पीएम मोदी सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़कर लोगों के बीच पहुंचकर अभिवादन स्वीकार किये और अपने स्वागत के लिये वहां पहुंचे सभी लोगों को धन्यवाद दिया। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने इस अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने सारी दुनियां में भारत का डंका बजाकर देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने आगे कहा आज सारी दुनियां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को एक नई दृष्टि से देख रही है , मोदी के नेतृत्व में भारत बदल चुका है। प्रधानमंत्री की अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन के साथ जिस आत्मीयता और बेबाकी से बात हुई है , वह भी भारत की अलग तस्वीर प्रस्तुत करती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकासवाद के साथ आतंकवाद , विस्तारवाद और जलवायु परिवर्तन पर बेबाकी से बात की और साथ ही साझा तरीके से विभिन्न वैश्विक समस्याओं का कैसे समाधान किया जा सकता है , उसकी भी चर्चा की।गौरतलब है कि चारदिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्यक्ष क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन , अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ ही अपने आस्ट्रेलियाई एवं जापानी समकक्षों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 76वें सत्र को संबोधित किया। इस भाषण में पीएम ने चीन और पाकिस्तान को विश्व मंच से जवाब दिया। पाकिस्तान पर आतंकवाद को लेकर निशाना साधा तो चीन की विस्तारवादी नीतियों पर दुनियां को भी चेताया। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन में अफगानिस्तान के मुद्दा के साथ ही साफ कर दिया कि खुद संयुक्त राष्ट्र में सुधार की कितनी जरूरत है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.