कोई चार्ज नहीं लगेगा, ऐसा बोलकर क्रेडिट कार्ड दिलवा दिया और खाते से बेवजह 91 हजार कट गया...
दुर्ग 15 नवंबर 2021/ कलेक्टर जनदर्शन में आज एक प्रार्थी ने क्रेडिट कार्ड खुलवाने के नाम पर धोखे की शिकायत की। प्रार्थी का कहना था कि बैंक के दो कर्मचारियों ने उन्हें जोर देकर क्रेडिट कार्ड खुलवाया। कहा कि किसी तरह का कोई चार्ज नहीं लगेगा।
इसके बाद कुछ और कम्युनिकेशन हुए और खाते से 91 हजार रुपए कट गये। प्रार्थी ने कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से क्रेडिट कार्ड दिलाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने एवं इनसे रकम वापस दिलवाने की माँग का आवेदन दिया।
कलेक्टर जनदर्शन में आज नये स्थापित हो रहे, उद्योगों में स्थानीय श्रमिकों को अवसर देने संबंधी आवेदन ग्रामीणों ने किया। कुम्हारी-चरौदा में स्थापित होने जा रहे एक पावर प्लांट के संबंध में ऐसी माँग रखी गई। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में हुनरमंद युवा हैं,
इन्हें सोलर पावर प्लांट में रोजगार मिला तो वे बेहतर कार्य कर सकते हैं। जनदर्शन में आज कुछ सामाजिक संस्थाओं ने भूमि आवंटन के संबंध में भी माँग रखी।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी माँगों को ध्यानपूर्वक सुनकर नियमानुसार इन पर कार्रवाई करने के लिए लोगों को आश्वस्त किया। आज जनदर्शन में 48 आवेदन आये। आने वाले आवेदनों में अनेक आवेदन ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी क्षेत्रों में अधोसंरचना और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित थे। इन पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने कहा कि
इन आवेदनों का शीघ्र ही परीक्षण कराया जाएगा तथा इसके उपरांत प्रशासकीय स्वीकृति की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनदर्शन में आज कुछ आवेदन पेंशन से संबंधित भी आए। कलेक्टर ने मौके पर ही समाज कल्याण अधिकारियों से इनका परीक्षण करने कहा। परीक्षण पर पाया गया कि तकनीकी त्रुटियों के चलते पेंशन राशि जमा नहीं हो पा रही थी।
तकनीकी त्रुटियों को मौके पर ही दुरूस्त कर लिया गया। जुनवानी के एक नागरिक ने पट्टा के लिए आवेदन किया। उनका कहना था कि जब सर्वे हो रहा था उस समय उन्हें जरूरी काम से प्रदेश से बाहर जाना पड़ा था। उनकी ही तरह कुछ और लोग भी विविध कारणों से प्रदेश से बाहर गये थे, जिसकी वजह से इन्हें भी दिक्कत आई।
उल्लेखनीय है कि सप्ताह के दो दिन जनदर्शन का आयोजन होता है। आज जनदर्शन में 48 आवेदन आये। सभी आवेदनों के निराकरण की स्थिति की नियमित समीक्षा कलेक्टर द्वारा की जाती है।
क्रमांक 1211
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.