अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 20 नवंबर 2021 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव में महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों छत्तीसगढ़ को भारत के स्वच्छतम् राज्यों की श्रेणी में दिये जाने वाला अवार्ड ग्रहण करेंगे। इसके लिये केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया को दिल्ली आमंत्रित किया है। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपना परचम लहराकर देश के स्वच्छ्तम राज्य के अपने दर्जे को बरकरार रखते हुये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। छत्तीसगढ़ को ना सिर्फ़ राज्य के रूप में , बल्कि यहां के 61 शहरी निकायों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये पुरस्कृत किया जायेगा। छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य होगा जिसके सबसे ज्यादा निकाय पुरस्कृत किये जा रहे हैं। केन्द्र सरकार द्वारा आयोजित विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने लगातार तीसरे वर्ष भी बाजी मारी है। इस मामले में छत्तीसगढ वर्ष 2019 एवं 2020 में भी अग्रणी राज्य रहा है। इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सी वोटर के सर्वे में देश के सबसे प्रभावशाली मुख्यमंत्री के रूप में नंबर वन का दर्जा दिया गया है।
गौरतलब है कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्यमंत्रालय द्वारा हर साल देश के समस्त शहरों एवं राज्यों के मध्य स्वच्छ सर्वेक्षण का आयोजन किया जाता है। इसमें विभिन्न मापदंडों के अंतर्गत शहरी स्वच्छता का आंकलन किया जाता है। मुख्य रूप से घर-घर से कचरा एकत्रीकरण , कचरे का वैज्ञानिक रीति से निपटान , खुले में शौच मुक्त शहर , कचरा मुक्त शहर आदि का थर्ड पार्टी के माध्यम से आंकलन करते हुये नागरिकों के फीडबैक को भी इसमें शामिल किया जाता है। इसी आधार पर राज्यों एवं शहरों की रैंकिंग जारी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों तथा शहरों को पुरस्कृत किया जाता है। छत्तीसगढ़ देश का ऐसा एक मात्र प्रदेश है जहां पर नरवा , गरूवा , घुरवा एवं बाड़ी के सिद्धांतों के अनुरूप 9000 से अधिक स्वच्छता दीदियों द्वारा घर-घर से 1600 टन गीला एवं सूखा कचरा एकत्रीकरण करते हुये वैज्ञानिक रीति से कचरे का निपटान किया जा रहा है। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को देश का प्रथम ओडीएफ़ प्लस प्लस राज्य घोषित किया गया है। छग राज्य को हासिल हुये इस उपलब्धि के लिये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और शहरी प्रशासन एवं विकास मंत्री शिवकुमार डहरिया ने प्रदेश के लोगों को बधाई दी है।
इन निकायों को भी मिलेगा पुरस्कार
अंबिकापुर , रायपुर , भिलाई- चरोदा , बिरगांव , चिरमिरी , भाटापारा , कवर्धा , बेमेतरा , जशपुर नगर , दीपका ,पाटन , दोरनापाल ,चंद्रपुर , उतई , अभनपुर , सूजरपुर , घरघोड़ा , किरोड़ीमल नगर , रायगढ़ , छुरियाकला , कोरबा , बिलासपुर , राजनांदगांव , धमधा , अहिरवारा , भिलाई नगर , दुर्ग , बालोद , चिखलकासा , गोबरा नवापारा , कुरा , सराईपाली , मगरलोड , बड़ेबिचौली , रिसाली , बैकुंठपुर , प्रेमनगर , अकलतरा , शिवरीनारायण , चांपा , खैरागढ़ , छुरिया , डौंडी , कसडोल , माना कैम्प , राजिम , खरोरा , बसना , खम्हरिया शामिल हैं।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.