अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सहारनपुर - मेरे लिये यह बहुत सौभाग्य की बात है कि इस पवित्र और एतिहासिक भूमि पर मां शांकभरी देवी विश्वविद्यालय के शिलान्यास के लिये सीएम योगी ने मुझे आमंत्रित किया है।
उक्त बातें केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज सहारनपुर के पुवांरका में 92 करोड़ की लागत वाले मां शाकंभरी देवी राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुये कही। इस दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान , डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। गृहमंत्री शाह ने भारत माता की जय के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुये कहा कि पहले यूपी में क्राइम चरम पर था। योगी सरकार की जमकर तारीफ करते हुये गृहमंत्री शाह ने कहा कि उत्तरप्रदेश में कभी माफियाओं का राज चलता था लेकिन अब माफिया मुर्गा बनकर बैठे हैं। योगी सरकार ने माफियाओं से हजारों करोड़ की सरकारी सम्पति वापस लेने के साथ अवैध बूचडखानों पर रोक लगायी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में माफियाराज था और आज कानून का राज है। उन्होंने हत्या , लूट और अन्य सभी अपराधों के आंकड़े गिनाते हुये कहा कि अब यूपी में भाजपा की सरकार में अपराध कम हुआ है।
शाह ने पुरानी सरकारों पर हमला करते हुये कहा कि वो तो सिर्फ विकास का वादा करते थे , लेकिन पीएम मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और देश की सड़कों के लिये अधिक से अधिक काम कराकर वादा पूरा किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने तीन तलाक , 370 जैसे कई बड़े मुद्दे खत्म करके लोगों को साबित कर दिखाया है कि भाजपा सरकार मेंं बहुत कुछ हुआ है। गृहमंत्री ने अपने भाषण को समाप्त करते हुये सहारनपुर की जनता से पूछा की इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 300 सीटें मिलेंगी या नहीं। कार्यक्रम में मौजूद जनता ने जोरशोर से शाह के सवाल का ‘हां’ से जवाब दिया और भाजपा पार्टी के समर्थन में खूब नारेबाजी की। इसी कड़ी में सीएम योगी ने पूर्व की सरकारों पर जमकर निशाना साधते हुये कहा कि पिछली सरकारों के पास कोई एजेंडा नहीं था। सूबे में पलायन और दंगे होते थे , बेटियों की समस्यायें नहीं सुनी जाती थीं , विकास के नाम पर बंदरबांट होता था। भाजपा सरकार में देश आगे बढ़ा है , आज प्रदेश सुरक्षित हाथों में है। वहीं कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सपा सरकार में पांच साल में 300 दंगे हुये लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में कोई दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी गई। योगी सरकार में कांवड़ यात्रा में डीजे बजवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश का विकास हुआ है और प्रदेश आगे बढ़ा है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.