शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को 2 मिनट का मौन रखा जायेगा
बालाघाट -भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में शनिवार 30 जनवरी 2022 को मौन रखा जायेगा। इस दिन सुबह 11 बजे 2 मिनट का मौन रखकर कार्य और गतिविधियाँ रोक दिये जाने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किये गये हैं।
इस संबंध में दिये गये निर्देश में कहा गया है 30 जनवरी 2022 को प्रदेश भर में सुबह 11 बजे कार्य और अन्य गतिविधियाँ रोककर 2 मिनट का मौन रखा जाये। सायरन बजाकर मौन शुरू होने तथा समाप्त होने की सूचना दी जाये। सायरन के जरिये मौन शुरू होने की सूचना 10.59 बजे से 11 बजे तक और मौन समाप्त होने की सूचना 11 बजकर 2 मिनट से 11 बजकर 3 मिनट तक दी जाना चाहिये। सायरन सुनकर सभी व्यक्ति खड़े होकर मौन धारण करें। संभव हो तो अकेले खड़े होने की बजाय एक ही स्थान पर इकट्ठे होकर मौन रखा जाये। निजी संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, अशासकीय संस्थाओं, स्कूलों और महाविद्यालयों को भी इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं।
शहीद दिवस को कोविड-19 के निर्देशों का पालन करते हुए गंभीरता और जनता की भागीदारी से मनाये जाने के आवश्यक उपाय करने को कहा गया है। जिला प्रशासन को जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं और निजी एवं सार्वजनिक उपक्रमों को शहीद दिवस सम्पूर्ण गरिमा के साथ मनाये जाने के निर्देश देने के लिये कहा गया है। जिले में विभिन्न वाणिज्य और उद्योग संघों से भी भागीदारी करने को कहा गया है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.