शिक्षा विभाग के सिस्टम से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला
बालाघाट-विकासखंड कटंगी अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक शाला कोसुम्बा का डाइस कोड पिछले दो सालों से राज्य शासन के एजुकेशन पोर्टल से गायब है।जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को शासन द्वारा प्रदाय योजनाओं का लाभ नही मिल रहा है।इससे पालक शिक्षक संघ व पालकों में खासा नाराजगी देखने को मिल रही है।इस समस्या का हल निकालने के लिए पालक संघ ने उच्चाधिकारियों को भी सूचित कर दिया था।लेकिन ढुलमुल रवैया के चलते शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से नही लिया जिससे ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और बड़ा कदम उठाते हुए शाला में ताला जड़ दिया।हालांकि इस बीच बीआरसी दर्पण गौतम व संकुल प्राचार्य ने स्थिति को भांपते हुए कोसुम्बा माध्यमिक शाला पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उक्त अधिकारियों की एक न सुनी।
*शिक्षा विभाग की लापरवाही हुई उजागर*
प्राप्त जानकारी अनुसार यह समस्या आज की नही है विगत तीन चार सालों से यह समस्या बच्चों को मिलने वाली शासकीय योजनाओं पर बाधा उत्पन्न करने का कार्य कर रही थी जिसको विभाग सुलझाने में नाकाम रहा था।शासन द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा अभियान के तहत माध्यमिक विद्यालय के उन्नयन के बाद माध्यमिक शाला कोसुम्बा का भी उन्नयन हो गया,लेकिन हाई स्कूल का भवन नही होने से माध्यमिक शाला में ही दोनों शाला संचालित होने लगी।कुछ साल बाद हाई स्कूल का भवन बनकर तैयार हो गया जिसमें माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल संचालित होने लगी।जब स्कूल की मैपिंग की गई तो माध्यमिक शाला का नाम छूट गया और एजुकेशन पोर्टल से डाइस कोड विलोपित कर दिया गया जिससे यह समस्या उत्पन्न हो गयी।माध्यमिक शाला के शिक्षक और बच्चों का नाम तो हाई स्कूल के डाइस कोड में प्रदर्शित होने लगा लेकिन अन्य लाभ से बच्चे वंचित हो गए जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.