डौंडीलोहारा मे कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा अवैध नाली निर्माण बदस्तूर जारी
डौंडीलोहारा- डौंडीलोहारा रेंगाडबरी चौकी रोड का निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रा डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा करवाया जा रहा है। डौंडीलोहारा के विवेकानंद चौक से रेंगाडबरी रोड पर उक्त सड़क निर्माण कार्य कराया जाना है। सड़क निर्माण से पूर्व कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा शासन के नियमों को ताक पर रखकर आनन-फानन में सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, नाली बनाने से पूर्व नियमतः राजस्व विभाग द्वारा भूमि का नाप कर शासकीय भूमि की सीमा तय कर भूमि अधिग्रहित की जानी चाहिए, तत्पश्चात अधिग्रहित भूमि का मुआवजा प्रकरण तैयार कर राशि भुगतान के पश्चात ही निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाना चाहिए।
लेकिन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बिना किसी नाप जोख के पूर्व सूचना दिए बगैर लोगों के मकान को तोड़कर नाली निर्माण करवाया जा रहा है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र जैसे रेंगाडबरी , भंवरमरा, पुनारकसा, खैरकट्टा, अरजपुरी, उरेटा इत्यादि ग्रामों में बकायदा भू अर्जन प्रकरण बनाकर मुआवजा देने के पश्चात ही लोगों की भूमि को अधिग्रहित कर निर्माण कार्य किया गया है।
कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा वैध एवं अवैध निर्माण कार्यों के बीच कोई अंतर नहीं रखा जा रहा है। आबादी भूमि पर बनाए गए अवैध निर्माण कार्य को छोड़कर लगानी भूमि पर बनाए गए पक्के निर्माण कार्य को तोड़कर नाली निर्माण किया जा रहा है जिससे लगानी जमीन धारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे अवैध नाली निर्माण कार्य को रोकने के लिए संजय नगर निवासी स्थानीय नागरिक यतेंद्र देवांगन एवं आम आदमी पार्टी द्वारा ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डौंडीलोहारा को दिया जा चुका है लेकिन अभी तक किसी भी तरह की कार्यवाही नहीं की गई है, कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है।
रोड निर्माण विभाग व कंपनी के द्वारा बिना जानकारी दिए नाली निर्माण कर रहे हैं मैंने अभी आर आई व पटवारी सर्वे करवाया है उनके अनुसार अतिक्रमणकारियों को नोटिस दूंगा इन्होंने मुझे बताया नहीं वे अपनी मर्जी से नाली बनाते जा रहे हैं क्योंकि नाली बनाने वाला विभाग अलग है मेरा डायरेक्ट कंट्रोल नहीं है। सर्वे हो गया है अब अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा और जिन्हें भी नाली निर्माण के लिए आपत्ति होगा वे शिकायत करेंगे तो उनकी बात जरूर सुनी जाएगी।
आरआर दुबे तहसीलदार डौंडीलोहारा
CNI News डोंडी लोहारा से इस्लाम खान की रिपोर्ट

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.