कलेक्टर डॉ मिश्रा ने की नगर पालिका मलाजखंड के कार्यों की समीक्षा
जलप्रदाय योजना के कार्यों की जांच के लिए बनाई गई समिति
(शिवशंकर पाण्डेय की रिपोर्ट)
बालाघाट।कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने आज मलाजखंड में नगरपालिका के कार्यों की समीक्षा की और कार्य व्यवस्था को दुरूस्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने नगर पालिका द्वारा बनवायी जा रही जल प्रदाय योजना एवं अपशिष्ट के निष्पादन के लिए किये जा रहे कार्यों का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान बैहर एसडीएम श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा भी मौजूद थे।
नगर पालिका मलाजखंड की स्थापना शाखा की समीक्षा के दौरान पाया गया कि वहां पर जरूरत से ज्यादा कर्मचारी लगाये गये है। जिससे नगर पालिका का स्थापना व्यय अधिक हो रहा है। कलेक्टर डा मिश्रा ने अनावश्यक कर्मचारियों को हटाने एवं नगर पालिका के स्थापना व्यय को सीमा में रखने के निर्देश दिये। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर कचरा संग्रहण कार्य की समीक्षा के दौरान पाया गया कि इस कार्य के लिए जो टेंडर किया गया है उसकी लागत बहुत अधिक है। इसके लिए टेंडर पर पुनर्विचार करने के निर्देश दिये गये। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि लगभग 03 हजार आवासों का कार्य अपूर्ण है और 800 से 900 आवासों का कार्य पूर्ण होने की स्थिति में आ गया है। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने पूर्ण होने की स्थिति में आ गये आवासों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
नगर पालिका की 61 करोड़ की जलप्रदाय योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि एमपीयूडीसी द्वारा कराये गये विभिन्न घटकों के कार्य संतोषजनक नहीं है। एमपीयूडीसी द्वारा बताया गया कि नगरीय क्षेत्र में 102 किलोमीटर लंबाई की पाईप लाईन बिछाई गई है। लेकिन वार्ड वार बिछाये गये पाईप की लंबाई में अंतर पाया गया है। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने एमपीयूडीसी द्वारा कराये गये कार्यो का तीन सदस्यों की समिति से जांच कराने के निर्देश दिये है। इस समिति में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बैहर के अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बैहर के अनुविभागीय अधिकारी एवं सर्व शिक्षा अभियान के सहायक यंत्री श्री भास्कर शिव को शामिल किया गया है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.